कृति सेनन ने फिल्म की सफलता और रिंकू राजगुरु ने जन्मदिन पर लिया भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद
तिरुमाला, 3 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री कृति सेनन और रिंकू राजगुरु अपने परिवार संग बुधवार को आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला मंदिर पहुंचीं। वहां उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर (बालाजी) के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
अभिनेत्री कृति सेनन जहां अपनी आगामी फिल्म कॉकटेल-2 की रिलीज से पहले पहुंचीं, वहीं, अभिनेत्री रिंकू राजगुरु ने अपने जन्मदिन के अवसर पर भगवान वेंकटेश्वर (बालाजी) का आशीर्वाद लिया।
अभिनेत्री कृति सेनन परिवार संग वहां पर भक्ति के रस में डूबी नजर आईं। उन्होंने सभी के साथ मिलकर वहां पर विशेष अर्चना की और शांतिपूर्ण समय बिताया। वहीं, मंदिरों के नियमों का पालन करते हुए कृति ने पूरी श्रद्धा के साथ अनुष्ठानों में भाग लिया। उनकी मौजूदगी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए उत्सुकता का विषय बनी रही।
वहीं, अभिनेत्री मंदिर परिसर में पारंपरिक वेशभूषा में नजर आई। दर्शन के बाद मंदिर से बाहर जाते हुए कृति अपने किसी करीबी के साथ जा रही थीं। हालांकि, मंदिर से निकलते वक्त उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत न करके सीधे अपनी गाड़ी की तरफ चली गईं।
मराठी और हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री रिंकू राजगुरु अपने जन्मदिन के अवसर पर, सुबह-सुबह अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचीं। उन्होंने वीआईपी ब्रेक के दौरान मुख्य मंदिर के गर्भगृह में जाकर मूलविराट के दर्शन किए। रिंकू ने मंदिर की हुंडी (दानपात्र) में भेंट चढ़ाई और भगवान के सामने श्रद्धापूर्वक सिर झुकाया। इस अवसर पर मंदिर के कर्मचारियों ने उन्हें भगवान का 'तीर्थ प्रसाद' भेंट किया, जो मंदिर का विशेष आशीर्वाद माना जाता है।
अभिनेत्री कृति सेनन की बात करें, तो वे जल्द ही 'कॉकटेल-2' में नजर आएंगी। यह फिल्म एक रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा है जो आज के दौर के आधुनिक रिश्तों (जैसे सिचुएशनशिप, घोस्टिंग, बैंचिंग और इमोशनल बर्नआउट) पर आधारित है। फिल्म की कहानी शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना के उलझे हुए संबंधों और आज की पीढ़ी के प्यार के समीकरणों को दिखाती है।
रिंकू राजगुरु मराठी और हिंदी सिनेमा की एक बेहद लोकप्रिय और प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में शुमार हैं। उन्हें मुख्य रूप से 2016 की ब्लॉकबस्टर मराठी फिल्म 'सैराट' में 'आर्ची' के किरदार के लिए जाना जाता है।
--आईएएनएस
एनएस/एएस
