कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को दिया आधुनिक व लाभकारी खेती का मंत्र
रायसेन, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रायसेन में आयोजित ‘उन्नत कृषि उत्सव 2026’ के दूसरे दिन रविवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम में शिरकत करते हुए किसानों को आधुनिक और उन्नत खेती की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
रायसेन में आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाना है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यहां विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें फसल बीमा योजना, बागवानी, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण और आधुनिक खेती की तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक मेला नहीं, बल्कि किसानों के लिए सीखने की एक महत्वपूर्ण पाठशाला है, जहां वे नई तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वैज्ञानिकों द्वारा इस क्षेत्र के लिए तैयार किया गया कृषि रोडमैप जारी किया जाएगा, जिसके आधार पर क्षेत्र की कृषि विकास कार्ययोजना बनाई जाएगी।
शिवराज चौहान ने किसानों में दिख रहे उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह भीड़ किसी रैली की नहीं बल्कि ज्ञान प्राप्त करने के लिए जुटे जागरूक किसानों की है। उन्होंने विशेष रूप से इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल पर जोर देते हुए बताया कि एक एकड़ जमीन पर भी किसान लाखों रुपये की बचत और बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री ने मल्टी-पर्पस हार्वेस्टर ‘स्टॉक क्रूज़र’ का अवलोकन भी किया। यह आधुनिक मशीन विभिन्न फसलों की कटाई करने के साथ-साथ भूसा तैयार करने में सक्षम है। इससे किसानों को नरवाई जलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है और प्रदूषण में कमी आती है।
बता दें कि इस महोत्सव में कुल आठ प्रमुख सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें फूल और सब्जी उत्पादन, कीट प्रबंधन और रोग नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। विशेषज्ञ किसानों को यह भी समझा रहे हैं कि फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों और बीमारियों से कैसे बचाव किया जाए और कम लागत में अधिक उत्पादन कैसे हासिल किया जाए। ‘उन्नत कृषि उत्सव 2026’ किसानों के लिए ज्ञान, नवाचार और तकनीकी प्रगति का एक बड़ा मंच बनकर उभर रहा है, जो कृषि क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
--आईएएनएस
एसए/पीएम
