कोटद्वार को मिलेगी 675 करोड़ के 400-केवी सब-स्टेशन की सौगात, विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी ने की घोषणा
कोटद्वार, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण ने कोटद्वार को बड़ी सौगात देते हुए हल्दूखाता तल्ला में 675 करोड़ की लागत से 400-केवी सब-स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश का चौथा बड़ा सब-स्टेशन होगा, जिससे कोटद्वार सहित पूरे पौड़ी गढ़वाल में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण ने कहा, "हम पिछले आठ दिनों से नवरात्र मना रहे हैं, आज नवमी है। नवमी के दिन जैसी परंपरा रही है, अष्टमी-नवमी पर हम कंजक पूजन करते हैं, बेटियों की पूजा करते हैं। आज यहां नीरूबाला और अन्य महिलाओं द्वारा बहुत ही सुंदर कन्या पूजन किया जा रहा है।"
उन्होंने कहा कि बेटियों का जितना सम्मान हम कर सकें, केवल आज ही नहीं, बल्कि 365 दिन हमें अपनी बेटियों का सम्मान करना चाहिए, उन्हें प्यार देना चाहिए। यह एक परंपरा है, एक विचार है जो आज से नहीं, बल्कि कई सालों से हमारे देश में चला आ रहा है। इस संस्कृति और संस्कार को हमें आगे लेकर चलना है। आज यहां बहुत ही सुंदर कार्य हुआ है, जहां हमने अपनी बेटियों का अपनी देवियों का सम्मान और आदर किया है। सभी को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं।"
रितु खंडूरी भूषण ने कहा, "मुझे बड़ी प्रसन्नता है कि बिजली विभाग के कुछ लोग यहां आए थे और हम एक सब स्टेशन के लिए प्रयास कर रहे हैं। वन और बिजली विभाग द्वारा हल्दूखाता तल्ला में एक सर्वे हुआ है और सर्वे में एक भूमि चिह्नित की गई है, जिसकी रिपोर्ट लगभग 400 केवी की है। उसके लिए वहां भूमि चिह्नित हुई है। इसका 675 करोड़ रुपए का एस्टीमेट बना है और यह एडीबी द्वारा स्वीकृत राशि है। इससे फायदा यह होगा।
उन्होंने कहा, "खासकर अगर मैं सिर्फ कोटद्वार की बात करूं तो हमारे औद्योगिक क्षेत्र को आराम से 24 घंटे बिजली मिलेगी। कोटद्वार की बाहर से सतपुली से जो कनेक्टिविटी है या बिजली की आपूर्ति होती है, वह भी कोटद्वार वासियों के लिए फिर इसी सब-स्टेशन से होने लगेगी। पूरे गढ़वाल, पूरे पौड़ी गढ़वाल के लिए यह सब-स्टेशन एक अच्छी पहल होने जा रहा है।"
रितु खंडूरी ने कहा, "उत्तराखंड में अभी केवल तीन ऐसे सब-स्टेशन हैं और यह चौथा इतना बड़ा 400 केवी का सब-स्टेशन खुलने जा रहा है। यह हमारा प्रयास रहा है, और मैं सरकार का भी आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने इस तरह का प्रोजेक्ट कोटद्वार में लाने का फैसला किया है। इससे हम सभी को, सभी जनता को फायदा होगा। इसलिए मैं सरकार का भी आभार व्यक्त करती हूं कि इतना बड़ा प्रोजेक्ट कोटद्वार में आ रहा है।"
--आईएएनएस
केके/वीसी
