Aapka Rajasthan

कोलकाता: मंत्री तापस रॉय ने फहराया तिरंगा, एकता-संप्रभुता की रक्षा का संदेश

कोलकाता, 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश भर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस मौके पर पश्चिम बंगाल विधानसभा परिसर में राज्य के उद्योग मंत्री तापस रॉय ने तिरंगा फहराया और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
 

कोलकाता, 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश भर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस मौके पर पश्चिम बंगाल विधानसभा परिसर में राज्य के उद्योग मंत्री तापस रॉय ने तिरंगा फहराया और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

ध्वजारोहण के बाद समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में तापस रॉय ने कहा कि देशभर में 80वें स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और गौरव के साथ मनाया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्र और राज्य स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत घर-घर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर व्यापक स्तर पर आयोजन किए जा रहे हैं। विधानसभा के साथ-साथ राइटर्स बिल्डिंग, रेड रोड और राज्य के विभिन्न हिस्सों में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। क्लबों और अन्य संस्थानों में भी तिरंगा फहराया जा रहा है। लोगों में राष्ट्रीय पर्व को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।

तापस रॉय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता, शक्ति और संप्रभुता को याद करने तथा उसकी रक्षा के संकल्प का भी अवसर है। स्वतंत्रता के समय से लेकर आज तक ऐसी कई शक्तियां रही हैं जो देश की एकता और ताकत को कमजोर करने की कोशिश करती रही हैं।

आम जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि देशवासियों को ऐसी किसी भी कोशिश के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना होगा। देश की एकता और संप्रभुता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और देश की ताकत उसकी एकजुटता में निहित है। मंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों से देशहित को सर्वोपरि रखने और आपसी एकता एवं भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।

इसी बीच, प्रदेश के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजनीतिक दलों से पार्टीगत मतभेदों को भुलाकर राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। सीएम अधिकारी मध्य कोलकाता के रेड रोड पर राज्य सरकार द्वारा आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम में बंगाल की ऐतिहासिक विरासत पर जोर दिया और जनता की उम्मीदों को पूरा करने के अपने संकल्प को दोहराया।

--आईएएनएस

पीएसके