Aapka Rajasthan

कोलकाता एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की कार्रवाई, 1.13 करोड़ से ज्यादा की विदेशी मुद्रा जब्त

कोलकाता, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएससीबीआई) पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो यात्रियों के हैंड बैगेज से लगभग 1.14 करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा जब्त की है।
 

कोलकाता, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएससीबीआई) पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो यात्रियों के हैंड बैगेज से लगभग 1.14 करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा जब्त की है।

दरअसल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएससीबीआई) पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने दो यात्रियों के हैंड बैगेज में छिपाई गई लगभग 1.14 करोड़ रुपए मूल्य की विदेशी मुद्रा का पता लगाया।

अंतर्राष्ट्रीय टर्मिनल सिक्योरिटी होल्ड एरिया (आईटीबी एसएचए) में सुरक्षा जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ के जवान ने बैंकॉक जाने वाली भूटान एयरलाइंस की उड़ान बी3700 के दो यात्रियों के हैंड बैगेज के एक्स-रे स्कैन में कुछ संदिग्ध तस्वीरें देखीं। इसके बाद यात्रियों के सामान को फिजिकल चेकिंग के लिए भेजा गया।

बाद में की गई फिजिकल जांच के दौरान सीआईएसएफ कर्मियों ने दो बैगों के निचले हिस्से में छिपाई गई 1,19,900 अमेरिकी डॉलर (यूएसडी) की विदेशी मुद्रा बरामद की, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 1,13,64,002 के बराबर है। यह विदेशी मुद्रा अखबार में लपेटी हुई थी। कुल बरामद राशि में से 74,900 यूएसडी एक यात्री के हैंड बैगेज से, जबकि 45,000 यूएसडी दूसरे यात्री के बैग से मिले।

सीआईएसएफ ने निर्धारित औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद, दोनों यात्रियों और बरामद विदेशी मुद्रा को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) को सौंप दिया। मंगलवार को जिस यात्री के बैग से 74,900 यूएसडी बरामद हुए थे, उसे एआईयू/सीमा शुल्क अधिकारियों द्वारा आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय ले जाया गया।

वहीं, दूसरे यात्री को सीमा शुल्क विभाग ने 45,000 यूएसडी के लिए एक जब्ती रसीद जारी करने के बाद छोड़ दिया। यह घटना सुरक्षा जांच के दौरान संदिग्ध सामान की पहचान करने में सीआईएसएफ कर्मियों की सतर्कता और मुस्तैदी को दर्शाती है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी