कोलकाता एयरपोर्ट मस्जिद विवाद पर रिजु दत्ता का बयान, बोले- यह धर्म नहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला
कोलकाता, 13 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता रिजु दत्ता ने अभिषेक बनर्जी के स्वामित्व वाले डायमंड हार्बर फुटबॉल क्लब को कोलकाता लीग से बाहर किए जाने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि क्लब को हटाए जाने के पीछे असली कारण क्या है, यह केवल ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) या उसके अध्यक्ष ही बता सकते हैं। रिजु दत्ता ने कोलकाता एयरपोर्ट मस्जिद विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि यह सच है कि डीएचएफसी को लीग से हटाया गया है, लेकिन इसके पीछे वास्तविक कारणों को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल इस वजह से क्लब को हटाया गया हो कि वह अभिषेक बनर्जी का क्लब है, ऐसा मानना सही नहीं होगा।
रिजु दत्ता ने कहा कि संभव है कि इसके पीछे कोई तकनीकी कारण हो। हो सकता है कि क्लब ने कोलकाता लीग में खेलने के लिए तय नियमों और शर्तों को पूरा नहीं किया हो, जिसके कारण यह फैसला लिया गया हो। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सही जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
कोलकाता एयरपोर्ट के रनवे के पास स्थित 130 साल पुरानी मस्जिद को लेकर उठे विवाद पर रिजु दत्ता ने कहा कि यह मामला किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ विषय है। उन्होंने कहा कि कोलकाता एयरपोर्ट एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जो बांग्लादेश और चीन की सीमाओं के नजदीक स्थित है। देश के प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और अन्य महत्वपूर्ण व्यक्ति भी इसी एयरपोर्ट से यात्रा करते हैं। ऐसे में एयरपोर्ट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि रनवे के पास स्थित किसी भी संरचना को सुरक्षा के नजरिए से देखा जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, राज्य सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इसी सुरक्षा पहलू को ध्यान में रखते हुए मस्जिद को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।
रिजु दत्ता ने कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे को धार्मिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है। उन्होंने कहा कि मस्जिद को हटाया नहीं जा रहा है, बल्कि उसे दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मस्जिद के स्थानांतरण से रनवे विस्तार में भी मदद मिल सकती है, जिससे बड़े विमानों के संचालन में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से नया मस्जिद बनाने में सहयोग की बात भी कही गई है। उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है और राष्ट्रीय सुरक्षा से ऊपर कुछ नहीं हो सकता।"
पश्चिम बंगाल में संगठित अपराध, रंगदारी और हिंसा पर रोक लगाने के लिए लागू किए गए गुंडा दमन कानून को लेकर रिजु दत्ता ने कहा कि यह कदम राज्य में अपराध और बाहुबली संस्कृति को खत्म करने में मदद करेगा।
उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल में पिछले कई दशकों में गुंडागर्दी और बाहुबल की राजनीति बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रभावशाली लोग राजनीतिक संरक्षण के कारण अपनी ताकत का इस्तेमाल करते थे और नेताओं को भी प्रभावित करने की कोशिश करते थे। उन्होंने कहा कि राजनीति की आड़ में गुंडागर्दी करने वालों का समय अब खत्म होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए कानून के लागू होने से बंगाल में कानून व्यवस्था मजबूत होगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।
तृणमूल कांग्रेस में चल रही कथित अंदरूनी कलह पर रिजु दत्ता ने कहा कि पार्टी में दो अलग-अलग धड़े दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ ऋतब्रत बंद्योपाध्याय का गुट है और दूसरी तरफ ममता बनर्जी का गुट, जिसके कारण लगातार विवाद सामने आ रहे हैं और बंगाल की जनता इससे परेशान हो चुकी है।
हुमायूं कबीर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रिजु दत्ता ने कहा कि उन्हें वर्तमान राजनीतिक स्थिति को समझना चाहिए। अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और उन्हें अपने बयानों में सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब गुंडा दमन कानून लागू हो चुका है और किसी भी तरह की धमकी या दबाव की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने का अधिकार है। आने वाले चुनाव में सभी दल अपने उम्मीदवार उतार सकते हैं और जनता अपने मत से फैसला करेगी। रिजु दत्ता ने कहा कि धमकाने और डराने की राजनीति का समय खत्म हो चुका है।
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी
