कोलकाता अग्निकांड: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन और पीएम मोदी ने जताया दुख, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना
नई दिल्ली/कोलकाता, 19 अगस्त (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के एक होटल में भीषण आग लगने से हुई मौतों पर दुख जताया है। उन्होंने घायलों के भी जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा, "कोलकाता में आग लगने की दुखद घटना में हुई मौतों से मुझे गहरा दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कोलकाता में आग लगने की घटना में हुई मौतों के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है।"
बता दें कि कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में रात करीब 2 बजे आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
आग लगने की सूचना के बाद बाद पांच दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें भी बचाव कार्य में शामिल हुईं। कोलकाता पुलिस ने बताया कि काफी देर तक चले मुश्किल बचाव अभियान के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिसकर्मियों ने होटल से लगभग 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
कोलकाता पुलिस के अनुसार, बचाव और आग बुझाने का काम काफी देर तक चला, जो सुबह करीब 4:30 बजे पूरा हुआ। फिलहाल, इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।
बुधवार सुबह पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने घटनास्थल का दौरा किया। वहीं, कोलकाता शहर में आग लगने की घटना पर मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने कहा, "इस घटना के पीछे जो भी कारण हो, उसकी जांच की जाएगी और निश्चित रूप से भविष्य में बहुत सख्ती से इंतजाम किए जाएंगे, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
