केकेआर बनाम पीबीकेएस: फैंस को उम्मीद, घरेलू मैदान पर जीत का खाता खोलेगी कोलकाता नाइट राइडर्स
कोलकाता, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ सोमवार को जब कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम उतरेगी, तो उसका लक्ष्य जीत का खाता खोलना होगा। फैंस का मानना है कि इस मैच को केकेआर ही अपने नाम करेगी। उन्हें सुनील नरेन, रिंकू सिंह और कप्तान अजिंक्य रहाणे से खासा उम्मीदें हैं।
केकेआर ने अब तक मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ, पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध 5 विकेट से मैच अपने नाम किया।
ईडन गार्डन्स स्टेडियम के बाहर मौजूद एक फैन ने 'आईएएनएस' से कहा, "हमें सुनील नरेन से इस मैच में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। अगर केकेआर पहले बल्लेबाजी चुनती है, तो यह टीम 250 रन बना सकती है। हमें उम्मीद है कि केकेआर इस मैच को अपने नाम करेगी।"
एक अन्य फैन ने कहा, "हमें उम्मीद है कि यह मैच बेहद रोमांचक होगा। हमें सुनील नरेन और ब्लेसिंग मुजरबानी से खासा उम्मीदे हैं। वरुण चक्रवर्ती भी इस मैच में अपना जलवा बिखेर सकते हैं।"
केकेआर के एक फैन ने रिंकू सिंह से उम्मीद जताते हुए कहा, "केकेआर की तरफ से रिंकू सिंह काफी अच्छा खेलेंगे और कप्तान अजिंक्य रहाणे से हमें शतक की उम्मीद है। केकेआर की गेंदबाजी शानदार है। यह टीम अगर पहले बल्लेबाजी करती है, तो उसे 250 रन बनाने होंगे।"
एक अन्य फैन ने कहा, "केकेआर को 250-270 रन बनाकर विपक्षी टीम को विशाल टारगेट देना होगा। अगर केकेआर पहले गेंदबाजी करती है, तो उसे पंजाब किंग्स को 200 रन के अंदर रोकना होगा। इस मैच में हमें रनों की बरसात की उम्मीद है। केकेआर के पास इस मुकाबले को जीतने का मौका है।"
पंजाब किंग्स की टीम: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, प्रियांश आर्य, विष्णु विनोद, सूर्यांश शेडगे, प्रवीण दुबे, हरप्रीत बराड़, यश ठाकुर, अजमतुल्लाह उमरजई, बेन द्वारशुइस, लॉकी फर्ग्यूसन, मिशेल ओवेन, हरनूर सिंह, मुशीर खान, पाइला अविनाश, विशाल निषाद।
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजरबानी, फिन एलन, मनीष पांडे, तेजस्वी दहिया, सौरभ दुबे, रोवमैन पॉवेल, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, नवदीप सैनी, सार्थक रंजन, रचिन रवींद्र, प्रशांत सोलंकी, मथीशा पथिराना, उमरान मलिक, दक्ष कामरा।
--आईएएनएस
आरएसजी
