वैश्विक परिदृश्य पर बाबा रामदेव बोले, न तो अमेरिका जीतेगा और न ही ईरान हारेगा
हरिद्वार, 26 मार्च (आईएएनएस)। योग गुरु बाबा रामदेव ने हाल ही में आईएएनएस के साथ बातचीत में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया बहुत नाजुक दौर से गुजर रही है। ऐसे में सभी को संयम बरतना चाहिए और कोई भी ऐसा काम या बयान नहीं देना चाहिए जिससे भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचे।
रामदेव ने कहा, "युद्ध की स्थिति पूरी दुनिया के लिए खतरे की घंटी है। रूस-यूक्रेन संघर्ष के बाद अब अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव ने वैश्विक शांति को गंभीर खतरे में डाल दिया है।"
उन्होंने आगे सभी से अपील करते हुए कहा कि सभी देश मिलकर शांति स्थापित करने के लिए प्रयास करें। किसी एक व्यक्ति की मौत या छोटी घटना से भी बड़ा युद्ध छिड़ सकता है। इसलिए बातचीत और कूटनीति से ही समाधान निकालना चाहिए। रामदेव ने कहा, "न तो अमेरिका जीतेगा और न ही ईरान हारेगा। ईरान ने कई किलोमीटर दूर से बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला करके यह साबित कर दिया है कि किसी भी देश को कमजोर समझकर डराया-धमकाया नहीं जा सकता।"
उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र का मतलब किसी को डराना नहीं है। अमेरिका दुनिया का सबसे शक्तिशाली लोकतंत्र होने का दावा करता है, इसलिए उसे दूसरे देशों की स्वतंत्रता और संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए।
बाबा रामदेव ने ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का जिक्र करते हुए कहा कि पूरी दुनिया एक परिवार है। उन्होंने कहा, "कोई एक देश या सत्ता पूरे विश्व पर हावी नहीं हो सकती। भारत को अपनी प्राचीन विरासत और स्वतंत्र विदेश नीति के साथ दुनिया को जोड़ने का काम जारी रखना चाहिए। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं।"
बाबा रामदेव ने आगे पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों पर अपनी राय रखते हुए कहा कि लोकतंत्र में परिवर्तन स्वाभाविक है। इससे नवीनीकरण होता है। रामदेव ने कहा, "जनता को उन नेताओं और पार्टियों को चुनना चाहिए जिनकी नीति और नेतृत्व राष्ट्र निर्माण के लिए अच्छा हो।"
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जरूर मतदान करें और ऐसे लोगों को वोट दें जिनका देश के विकास में योगदान रहा हो।
बाबा रामदेव ने जोर देकर कहा कि राष्ट्र के मुद्दों पर सभी को एकजुट होना चाहिए। खासकर विदेश नीति और कूटनीति जैसे संवेदनशील विषयों पर देश को मजबूती से खड़ा दिखना चाहिए।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी
