'किंग' में शाहरुख के सामने डायलॉग भूल गए थे राघव जुयाल, बोले- सामने आए तो याद आ गया बचपन
मुंबई, 22 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता राघव जुयाल बहुप्रतीक्षित फिल्म 'किंग' में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। अभिनेता ने आईएएनएस से हालिया बातचीत में फिल्म में शाहरुख खान के साथ स्क्रीन साझा करने के अनुभव को अपने जीवन का "सपना सच होने" जैसा बताया।
राघव ने कहा कि शाहरुख खान के साथ पहला सीन करते समय वह काफी प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा, "जब शाहरुख ने शूटिंग के दौरान पहली बार अपना डायलॉग बोला, तो मैं कुछ देर के लिए अपनी लाइन ही भूल गया था, क्योंकि मुझे अपना बचपन याद आ गया। मैं सिंगल-स्क्रीन थिएटर में शाहरुख की फिल्में 5-6 बार देखा करता था।"
उन्होंने आगे कहा, "यह अनुभव मेरे लिए बिल्कुल सपने जैसा था, जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। उस समय मेरे मन में यही चल रहा था कि मैं शाहरुख खान को कैसे जवाब दूं। फिर मैंने खुद को संभाला और सोचा कि मुझे अपना काम अच्छी तरह करना है। सच कहूं तो यह अनुभव बेहद खास, अलग और किसी सपने के सच होने जैसा था।"
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राघव जुयाल एक्शन थ्रिलर 'किंग' में प्रमुख खलनायकों में से एक की भूमिका निभा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह जैकी श्रॉफ के किरदार के बेटे के रूप में नजर आएंगे। यह भी कहा जा रहा है कि उनका किरदार शाहरुख खान के किरदार के यंग वर्जन से टकराता है और कहानी में अहम भूमिका निभाता है।
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में शाहरुख खान के अलावा सुहाना खान और अभिषेक बच्चन भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की कहानी दो अलग-अलग समय-सीमाओं में आगे बढ़ेगी, जिसमें राघव जुयाल का किरदार शाहरुख खान के युवा वर्जन किरदार से भिड़ता दिखाई देगा।
इस बीच, राघव जुयाल अपनी आगामी फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। फिल्म में निहारिका एनएम, संजय कपूर, बरखा सिंह, चंदन रॉय सान्याल, विवान भटेना, निकी अनेजा वालिया, विकल्प मेहता समेत कई कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
--आईएएनएस
एनएस/एएस
