Aapka Rajasthan

किम जू ए के अलावा किम जोंग उन के हैं और भी बच्चे! उत्तराधिकारी को लेकर दक्षिण कोरियाई एजेंसी का नया दावा

सोल, 10 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की बेटी किम जू ए के सगे भाई या बहन होने का दावा किया गया है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने गुरुवार को बताया कि किम जू ए को उनके पिता का संभावित उत्तराधिकारी तैयार किया जा रहा है और उनके सगे छोटे भाई या बहन भी हैं।
 

सोल, 10 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की बेटी किम जू ए के सगे भाई या बहन होने का दावा किया गया है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने गुरुवार को बताया कि किम जू ए को उनके पिता का संभावित उत्तराधिकारी तैयार किया जा रहा है और उनके सगे छोटे भाई या बहन भी हैं।

दक्षिण कोरिया की नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस (एनआईएस) पहले भी कह चुकी है कि किम जोंग उन के तीन बच्चे हैं। हालांकि, उनके बच्चों के जन्मक्रम को लेकर अब तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी।

एनआईएस ने एक बयान में कहा, “नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस का वर्तमान आकलन है कि किम जू ए को उत्तराधिकारी के रूप में तैयार किया जा रहा है और एजेंसी को उनके छोटे भाई या बहन के होने की जानकारी है, जिसका लिंग अज्ञात है।”

एजेंसी ने यह भी कहा कि वह इस बात की पुष्टि करने की कोशिश कर रही है कि किम जू ए का कोई बड़ा भाई भी है या नहीं। हालांकि, एनआईएस का मानना है कि अगर ऐसा कोई बड़ा भाई मौजूद भी है तो उसके उत्तराधिकारी बनने की स्थिति में होने की संभावना नहीं है।

किम जू ए को पहली बार नवंबर 2022 में सार्वजनिक रूप से देखा गया था, जब वह अपने पिता के साथ अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) के परीक्षण के दौरान नजर आई थीं। इसके बाद से वह उत्तर कोरिया के कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और सैन्य कार्यक्रमों में किम जोंग उन के साथ दिखाई देती रही हैं।

हाल के वर्षों में किम जू ए की सार्वजनिक मौजूदगी लगातार बढ़ी है। वह अपने पिता के साथ महत्वपूर्ण सैन्य कार्यक्रमों के अलावा विदेश यात्रा और बड़े राजनीतिक आयोजनों में भी नजर आई हैं। चीन की राजधानी बीजिंग की उनकी हाई-प्रोफाइल यात्रा ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास ध्यान खींचा था।

उत्तर कोरिया में किम परिवार का शासन दशकों से कायम है। देश में किम परिवार के प्रति व्यक्ति पूजा और “पैक्टू रक्तवंश” की अवधारणा को सत्ता की वैधता से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में किम जोंग उन के उत्तराधिकारी को लेकर किसी भी संकेत को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

उत्तर कोरियाई सरकारी मीडिया ने भी किम जू ए के लिए हाल के वर्षों में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया है जो आम तौर पर देश के शीर्ष नेताओं और संभावित उत्तराधिकारियों के लिए किए जाते हैं। सरकारी मीडिया ने उन्हें “प्रिय बच्ची” और “महान मार्गदर्शक” जैसे संबोधनों से नवाजा है।

विशेषज्ञों के बीच लंबे समय से इस बात को लेकर चर्चा रही है कि किम जोंग उन के बाद उत्तर कोरिया की सत्ता किसके हाथ में जाएगी। हालांकि प्योंगयांग ने आधिकारिक तौर पर किम जू ए को उत्तराधिकारी घोषित नहीं किया है, लेकिन उनके बढ़ते सार्वजनिक प्रदर्शन और उन्हें दिए जा रहे विशेष संबोधनों से यह संकेत मजबूत हुआ है कि परिवार की अगली पीढ़ी में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।

एनआईएस के ताजा आकलन से उत्तर कोरियाई शासक परिवार की संरचना को लेकर पहले मौजूद कुछ अनिश्चितताएं भी कम हुई हैं। हालांकि किम जोंग उन के बच्चों की पूरी जानकारी अब भी सार्वजनिक नहीं है और उत्तर कोरिया अपने शासक परिवार से जुड़ी निजी जानकारियों को बेहद गोपनीय रखता है।

--आईएएनएस

केआर/