खूंटी में पुल के नीचे महिला और युवक के शव मिले, परिजनों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
रांची, 10 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के खूंटी जिले के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तजना नदी पुल के नीचे एक महिला और युवक के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के बड़गांई निवासी 25 वर्षीय नेहा कुमारी और 21 वर्षीय अरुण कुमार राणा के रूप में हुई है। महिला के परिजनों ने उसके पति और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार दोनों शव खूंटी सदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव के पास तजना नदी पुल के नीचे मिले। सूचना मिलने पर पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल पर पुल के ऊपर खून के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या के बाद शव नीचे फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। नेहा कुमारी की ससुराल गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव में है। पति कुंदन प्रमाणिक के साथ उसका लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
इसे लेकर एक केस न्यायालय में लंबित है। परिजनों का आरोप है कि नेहा अपने पांच वर्षीय बेटे को लेने गुरुवार को पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ ससुराल गई थी। बेटे को साथ ले जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद नेहा और अरुण करंज थाना पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका दावा है कि लौटने के दौरान कुंदन प्रमाणिक और उसके साथियों ने दोनों की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया, फिर उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर ले गए।
इसके बाद शुक्रवार सुबह दोनों के शव बरामद हुए। मृतका के परिजनों का कहना है कि अरुण कुमार राणा केवल नेहा की मदद के लिए उसके साथ गया था, लेकिन उसे भी अपनी जान गंवानी पड़ी। एसडीपीओ मंगल सिंह जामूदा ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने कहा है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
