Aapka Rajasthan

खुफिया सूचना पर सेना की कार्रवाई, 20 किलो विस्फोटक बरामद

नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के जंगलों में भारतीय सेना ने खुफिया सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई की है। यहां भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है। भारतीय सेना की स्पीयर कोर के तहत सुरक्षा बलों ने स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान मणिपुर के लेशाबीथोल और अहमादाबाद के बीच घने जंगलों में छिपाकर रखे गए तीन आईईडी बरामद किए गए।
 
सेना के मुताबिक, इन तीनों आईईडी का कुल वजन करीब 20 किलोग्राम है। जंगल के बीच विस्फोटकों की यह मौजूदगी सामने आने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को सुरक्षित कर लिया। इसके बाद नियंत्रित कार्रवाई के तहत मौके पर ही तीनों आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया गया। घने जंगल में छिपाकर रखे गए इन विस्फोटकों से आम लोगों के साथ-साथ सुरक्षा बलों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।

दरअसल सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई मणिपुर के संवेदनशील इलाकों में लगातार बरती जा रही सतर्कता को भी रेखांकित करती है। सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। ऐसे में करीब 20 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री का जंगल से बरामद होना सुरक्षा बलों के लिए एक अहम सफलता है। समय रहते इन आईईडी को निष्क्रिय कर सुरक्षा बलों ने एक बार फिर साबित किया है कि खुफिया सूचना, सतर्कता और संयुक्त कार्रवाई के दम पर बड़े खतरे को टाला जा सकता है।

गौरतलब है कि बीते दिनों ही सुरक्षा बलों ने मणिपुर व उत्तर पूर्वी भारत के अन्य राज्यों से 300 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ और प्रतिबंधित सामान बरामद किए थे। जब्त किए गए मादक पदार्थों में हेरोइन, अफीम, मॉर्फिन व ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थ शामिल थे। यह कार्रवाई मणिपुर, असम और मिजोरम के अलग-अलग जिलों में खुफिया सूचना के आधार पर की गई थी।

सेना की स्पीयर कोर व असम राइफल्स के फॉर्मेशन ने विभिन्न स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर यह एक्शन लिया था। बरामदगी में बड़ी मात्रा में हेरोइन, याबा और मेथम्फेटामाइन की गोलियां, अफीम, मॉर्फिन, ब्राउन शुगर, पॉपी सीड्स, सिगरेट तथा बिना हिसाब की नकदी शामिल थीं। मणिपुर में ये अभियान चुराचांदपुर, सेनापति और कामजोंग जिलों में चलाए गए थे।

--आईएएनएस

जीसीबी/एसके