Aapka Rajasthan

खिलाड़ियों को इस तरह की बातें नहीं कहनी चाहिए, रहाणे के बर्ताव पर बोले सहवाग

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की शुरुआत निराशाजनक हुई है। कप्तान अजिंक्य रहाणे भी पहले तीन मुकाबलों में संघर्ष करते हुए नजर आए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब रहाणे से उनके स्ट्राइक रेट को लेकर सवाल पूछा गया था, तो वह भड़क पड़े थे। रहाणे के बर्ताव पर भारत के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का कहना है कि खिलाड़ियों को इस तरह की बातें नहीं कहनी चाहिए।
 
सहवाग ने 'क्रिकबज' के साथ बात करते हुए कहा कि रहाणे को इस तरह की आलोचना का जवाब बल्ले और अच्छे प्रदर्शन से देना चाहिए। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता है कि खिलाड़ियों को इस तरह की बातें कहनी चाहिए। मुझे पता है कि रहाणे कप्तान हैं और उनसे कैमरून ग्रीन के गेंदबाजी न करने का कारण भी पूछा गया था। रहाणे के पास कोई सीधा जवाब नहीं था, तो उन्होंने कह दिया था क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए। मैं यह समझ सकता हूं। हालांकि, अगर कोई मेरे स्ट्राइक रेट या बल्लेबाजी शैली को लेकर सवाल खड़े करे, तो यह लोगों का काम है - तारीफ और आलोचना करना। आपको इस स्थिति में सामान्य रहना है, चाहे फिर आपकी तारीफ हो या फिर आलोचना।"

सहवाग ने रहाणे को इस तरह की जुबानी जंग में न उलझने की सलाह दी। उन्होंने कहा, "रहाणे आलोचनाओं का जवाब दे रहे थे, लेकिन अमिताभ बच्चन तक ने कभी आलोचना का जवाब नहीं दिया है। सचिन तेंदुलकर से बड़ा उदाहरण क्या ही होगा, एक अखबार ने उनके लिए 'एंडुलकर' लिखा था।"

उल्लेखनीय है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रहाणे से उनके स्ट्राइक रेट को लेकर मुश्किल सवाल पूछा गया था। इसके जवाब में उन्होंने कहा था, "मेरा स्ट्राइक रेट। 2023 से मेरा स्ट्राइक रेट सबसे अच्छा रहा है। जो लोग मेरे स्ट्राइक रेट पर बात कर रहे हैं वह शायद मैच नहीं देख रहे हैं या फिर उनका मेरे खिलाफ कोई खास मकसद है। वह मुझे खेलता हुआ देखना नहीं चाहते हैं।" रहाणे ने इस सीजन अब तक खेले 3 मुकाबलों में 148 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 83 रन बनाए हैं।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम