खेल मंत्री मांडविया ने पैरा-पावरलिफ्टर झंडू कुमार को 10 लाख रुपये के नकद इनाम से सम्मानित किया
नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतने वाले पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार से मुलाकात की और उन्हें 10 लाख रुपये के नकद इनाम से सम्मानित किया।
खेल मंत्री ने एक्स पर लिखा, "पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार से मिलकर खुशी हुई। उन्होंने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर भारत को गर्व महसूस कराया। उनकी यह कामयाबी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैरा-स्पोर्ट्स को मुख्यधारा में लाने और यह पक्का करने के विजन का सबूत है कि हमारे पैरा-एथलीटों को हर दूसरे एथलीट की तरह ही प्रथामिकता, सहयोग और अवसर मिलें।"
झंडू कुमार ने पुरुषों की हैवीवेट पैरा-पावरलिफ्टिंग में 130.9 अंक और 190 किग्रा की बेस्ट लिफ्ट के साथ कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में भारत को बढ़त दिलाई।
दो ग्रुप में मुकाबला करते हुए, झंडू ने 130.9 अंक के श्रेष्ठ परिणाम के साथ ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। युगांडा के डेनिस मबाजीरा (114.1) और ऑस्ट्रेलिया के बेन राइट (110.9) से आगे रहकर पदक की दौड़ में आगे बढ़े।
लेकिन, कंबाइंड स्टैंडिंग में, नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने 132.8 का सबसे अच्छा लिफ्ट करके स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने 131.0 के साथ रजत जीता। झंडू का 130.9 का प्रयास कांस्य पदक पक्का करने के लिए काफी था। वह रजत के लिए हुए करीबी मुकाबले में हार्डिंग से सिर्फ 0.1 पीछे रहे।
बिहार के नालंदा जिले के हरनौत में जन्मे झंडू जन्म से ही पोलियो से पीड़ित थे। उन्होंने 2017 में एक पैरा एथलेटिक्स एथलीट के तौर पर अपना करियर शुरू किया। झंडू ने एफ55 शॉट पुट और डिस्कस थ्रो इवेंट्स में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने कई जिलास्तरीय और राज्य स्तरीय पदक जीते। इस दौरान, जिम में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग से पावरलिफ्टिंग में उनकी दिलचस्पी बढ़ी।
राजिंदर सिंह राहेलू के मार्गदर्शन में, झंडू तेजी से भारत के शीर्ष पैरा पावरलिफ्टर्स में से एक बन गए। 2025 में, उन्होंने नेशनल चैंपियनशिप में 205 किग्रा लिफ्ट के साथ एक नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया और खेलो इंडिया पैरा गेम्स में इसे और बेहतर करके 206 किग्रा कर लिया।
उन्होंने बीजिंग वर्ल्ड कप 2025 में कांस्य पदक जीता, इसके बाद एशियन और ओशिनिया चैंपियनशिप 2026 में कांस्य पदक जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई किया।
--आईएएनएस
पीएके
