खतरों के खिलाड़ी के सफर को याद कर भावुक हुए ओरी, बोले-हर मुश्किल के बाद आती है उम्मीद की किरण
मुंबई, 9 सितंबर (आईएएनएस)। सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर ओरी (ओरहान अवात्रामणि) ने स्टंट आधारित रियलिटी टेलीविजन शो 'खतरों के खिलाड़ी-15' से बाहर हो गए थे। बुधवार को ओरी ने शो में बिताए अपने सफर को याद करते हुए खास पोस्ट किया।
ओरी ने इंस्टाग्राम पर शो के पीछे की कुछ झलकियां शेयर की, जिसमें वे 'खतरों के खिलाड़ी-15' की टीम के साथ 'केप ऑफ गुड होप' में मजे करते नजर आ रहे हैं। ओरी ने लिखा, "प्रिय रोहित जी, कहते हैं इस जगह का नाम पहले 'केप ऑफ स्टॉर्म्स' था, जिसके बाद में 'केप ऑफ गुड होप' कहा गया। यह वो मोड़ है जहां तूफानी समंदर पार करने के बाद मुसाफिरों को नई रोशनी और आगे का रास्ता दिखता है एक ऐसी उम्मीद जो मुश्किलों के बाद ही मिलती है।"
ओरी ने स्टंट रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' के दिनों को याद करते हुए लिखा, "आज अफ्रीका के इस आखिरी छोर पर खड़े होकर, जब समंदर की तेज लहरों और हवाओं का रुख देखा, तो हमारे अपने सफर का ख्याल आ गया। कितने ही मोड़, कितनी ही चढ़ाई और तूफानी दौर पीछे छूट गए, तब जाकर हम इस संतुलन और इस खुली क्षितिज तक पहुंचते हैं। हर मुश्किल सफर के बाद एक ऐसी ही उम्मीद की किरण आती है जो आगे बढ़ने का हौसला दे जाती है।"
उन्होंने रोहित शेट्टी के लिए लिखा, "उम्मीद करते हैं आप भी अपनी नई मंजिलों की तरफ पूरे हौसले से बढ़ रहे होंगे। हमेशा आपकी शुभकामनाओं का आकांक्षी। सदैव आपका ओरी।"
'केप ऑफ गुड होप' दक्षिण अफ्रीका के केप प्रायद्वीप के दक्षिणी छोर पर स्थित एक प्रसिद्ध चट्टानी भू-भाग है। यह दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन शहर से लगभग 50-70 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।
'खतरों के खिलाड़ी' एक रियलिटी गेम शो है, जहां सेलिब्रिटीज अपने डर का सामना करते हैं और खतरनाक स्टंट्स करते हैं। इस साल के कंटेस्टेंट्स में रुबीना दिलैक, जैस्मीन भसीन, करण वाही, अविनाश मिश्रा, रित्विक धनजानी, गौरव खन्ना, अविका गौर, फरहाना भट्ट, हर्ष गुजराल, विशाल आदित्य सिंह, ओरी, शगुन शर्मा और रुहानिका धवन समेत कई और नाम शामिल हैं।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम
