खड़गे के 'आतंकवादी' बयान पर महाराष्ट्र भाजपा का तीखा हमला, कहा- 'उनका आधा दिमाग खराब हो गया'
मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'आतंकवादी' कहने पर महाराष्ट्र भाजपा ने मंगलवार को जमकर हमला बोला। राज्य के कई वरिष्ठ नेताओं ने खड़गे के बयान को 'घटिया', 'निंदनीय' और 'मानसिक दिवालियापन' करार दिया।
भाजपा विधायक आर. तमिल सेल्वन ने आईएएनएस से कहा, "जिस व्यक्ति ने आतंकवादियों का सफाया किया और भारत की रक्षा की, उसे आतंकवादी कैसे कहा जा सकता है? खड़गे का आधा दिमाग काम करना बंद कर चुका है। यह सुनकर बहुत बुरा लगा। मैं इसका पूरी तरह विरोध करता हूं।"
तमिल सेल्वन ने आगे कहा, "खड़गे ने प्रेस को बयान देते हुए कहा था कि मुस्लिम भाइयों, जब आप नमाज पढ़ने मस्जिद जा रहे हों तो जहां कहीं भी आरएसएस, संघ परिवार या भाजपा दिखे, उन पर हमला कर दें। यह वोट बैंक की राजनीति है। प्रधानमंत्री पर चिल्लाना गलत है। भले ही वे माफी मांग लें, उन्हें जाने नहीं देना चाहिए। 83 साल की उम्र में अगर दिमाग आधा खराब हो गया है तो घर पर बैठें, सड़क पर क्यों चिल्ला रहे हैं? देश को बांटने में कांग्रेस नंबर एक है।"
कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन ने कहा, "खड़गे एक वरिष्ठ राजनेता हैं, लेकिन जिस तरह वे प्रधानमंत्री के बारे में बोल रहे हैं, मुझे लगता है कि वे बीमार हैं और उनका इलाज होना चाहिए।"
मंत्री पंकजा मुंडे ने बयान को 'बहुत घटिया' बताते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक संवैधानिक पद पर हैं और तीन बार देश की बागडोर संभाल चुके हैं। उनके बारे में ऐसी बातें कहना पूरी तरह निंदनीय है।"
भाजपा एमएलसी चित्रा किशोर वाघ ने कहा, "आतंकवादी कौन है? किसके कार्यकाल में आतंकवाद बढ़ा, यह सब जानते हैं। प्रधानमंत्री मोदी पूरे देश के लिए काम कर रहे हैं। वे लोगों के सबसे प्रिय नेता हैं।"
मेयर रितु तावड़े ने महिला आरक्षण बिल के संदर्भ में कहा, "खड़गे को अब अपनी पार्टी की गलती का एहसास हो गया है। नारी शक्ति वंदन विधेयक को खारिज करना कांग्रेस की बहुत बड़ी गलती थी। अब उन्हें समझ आएगा कि यह गलती कितनी गंभीर थी।"
महाराष्ट्र भाजपा नेताओं ने एक स्वर में मांग की कि खड़गे के बयान पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब कोई मुद्दा नहीं बचा होने के कारण लगातार भड़काऊ बयानबाजी कर रही है।
--आईएएनएस
एससीएच
