Aapka Rajasthan

खराब मौसम के कारण फिलिप आइलैंड में होने वाली आखिरी मोटोजीपी रेस रद्द

मेलबर्न, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। खराब मौसम के कारण रविवार को फिलिप आइलैंड में होने वाली आखिरी ऑस्ट्रेलियन ग्रां प्री रद्द कर दी गई। इस वजह से मार्क मार्केज को घायल जॉर्ज मार्टिन के खिलाफ अपनी मोटोजीपी चैंपियनशिप की बढ़त बढ़ाने का मौका नहीं मिल सका।
 

मेलबर्न, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। खराब मौसम के कारण रविवार को फिलिप आइलैंड में होने वाली आखिरी ऑस्ट्रेलियन ग्रां प्री रद्द कर दी गई। इस वजह से मार्क मार्केज को घायल जॉर्ज मार्टिन के खिलाफ अपनी मोटोजीपी चैंपियनशिप की बढ़त बढ़ाने का मौका नहीं मिल सका।

बारिश और कम विजिबिलिटी (साफ न दिखाई देने) के कारण पहले रेस में देरी हुई, और बाद में आयोजकों ने इसे रद्द करने का फैसला किया। रेस शुरू होने का तय समय स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 8:30 बजे) था, लेकिन मौसम में सुधार की उम्मीद में इसे शाम 4:30 बजे तक के लिए टाल दिया गया था।

हालांकि, खराब विजिबिलिटी के चलते पिटलेन खुलने से 25 मिनट पहले ही आयोजकों ने रेस रद्द करने का फैसला ले लिया। मोटो2 और मोटो3 रेस भी रद्द कर दी गईं। मोटोजीपी ने एक बयान में पुष्टि करते हुए बताया, "रेड बुल ऑस्ट्रेलियन ग्रां प्री में खराब विजिबिलिटी के कारण मेडिकल हेलीकॉप्टर का संचालन प्रभावित हुआ, इसलिए मोटोजीपी ग्रां प्री के साथ-साथ मोटो2 और मोटो3 रेस भी रद्द कर दी गई हैं।"

इस बीच, आयोजकों ने बताया कि स्टैंड में मौजूद दर्शक राइडर्स को सेफ्टी कार के पीछे परेड लैप लगाते हुए देख सकेंगे। मोटोजीपी ने आगे कहा, "फिलिप आइलैंड को विदाई देने के लिए, मोटोजीपी राइडर्स सेफ्टी कार के पीछे एक परेड लैप लगाएंगे और फैंस का अभिवादन करने के लिए मेन स्ट्रेट पर रुकेंगे। इस विदाई लैप के लिए पिटलेन स्थानीय समयानुसार 15:45 बजे खुलेगी।"

यह मौजूदा विश्व चैंपियन मार्केज के लिए एक बड़ा झटका है, जो मार्टिन के खिलाफ अपनी चैंपियनशिप की बढ़त बढ़ाने का मौका चूक गए। वैसे भी, शनिवार को स्प्रिंट रेस के दौरान हुए क्रैश में फ्रैक्चर होने के कारण मार्टिन इस रेस में हिस्सा नहीं लेने वाले थे।

डुकाटी राइडर ने स्प्रिंट रेस जीती थी और चैंपियनशिप में 10 अंकों की बढ़त बना ली थी, जबकि ऑस्ट्रेलियन ग्रां प्री से पहले वह 12 अंक पीछे चल रहे थे। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि मार्टिन मलेशिया में होने वाली अगली रेस में वापसी कर पाएंगे या नहीं। उनकी टीम, अप्रिलिया ने उनकी चोट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वह इलाज के लिए अपने घर वापस नहीं जा रहे हैं, जिससे उनकी वापसी की उम्मीद बनी हुई है।

मोटोजीपी के अनुसार, दुर्घटना में लगी चोट के बाद जॉर्ज मार्टिन का सीटी स्कैन कराया गया। जांच में पता चला कि उन्हें केवल एक चोट लगी है, जो उनकी कलाई में फ्रैक्चर है। इस वजह से मार्टिन फिलहाल स्पेन वापस नहीं जाएंगे। वह आने वाले दिनों में वहीं रहकर अपना जरूरी इलाज कराएंगे।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम