Aapka Rajasthan

खैरागढ़: पुराने नोट के नाम पर लाखों की ठगी, हरियाणा से आरोपी गिरफ्तार

दिसपुर, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले की छुईखदान पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने हरियाणा के नूंह जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया के जरिए लोगों को पुराने नोट और सिक्कों के बदले लाखों रुपए देने का झांसा देकर ठगी करता था।
 
इस मामले की जानकारी तब हुई, जब पद्मावतीपुर निवासी नेताराम देवांगन (उम्र 39 वर्ष) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए मैसेज आया, जिसमें पुराने नोट के बदले लाखों रुपए मिलने की बात कही गई। आरोपी ने उन्हें 5 रुपए के पुराने नोट के बदले करीब 37.94 लाख रुपए देने का लालच दिया। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगे, जैसे रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोसेसिंग फीस और कस्टम शुल्क।

पीड़ित ने भरोसा कर कई बार पैसे ट्रांसफर किए। आरोपी ने नकदी के फर्जी वीडियो भी भेजे और पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर और पैसे वसूल लिए। इस तरह कुल 11 लाख 70 हजार रुपए की ठगी हो गई। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी सिम कार्ड और अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहा था। जांच में पता चला कि अपराधी द्वारा करीब 20 बैंक खातों और 30-40 सिम कार्ड का उपयोग किया गया।

इसी मामले में कार्रवाई करते हुए लोकेशन ट्रेस कर पुलिस टीम हरियाणा पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से 19 वर्षीय आरोपी मोहम्मद जाहिर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 9 मोबाइल फोन, 2 एटीएम कार्ड और 4 हजार रुपए नकद बरामद हुए हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ठगी करना स्वीकार कर लिया है। फिलहाल, आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। इसी के साथ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर पुराने नोट या सिक्कों के बदले लाखों रुपए देने जैसे लालच से सावधान रहें और किसी को भी पैसे भेजने से पहले पूरी तरह जांच जरूर करें।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी