Aapka Rajasthan

खड़गे के बयान को गलत तरीके से पेश कर 'फेक इश्यू' बना रही भाजपा : वी गुरुनाधम

विजयवाड़ा, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। एपीसीसी उपाध्यक्ष वी गुरुनाधम ने बीजेपी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने साफ कहा कि खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी नहीं कहा था बल्कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।
 
खड़गे के बयान को गलत तरीके से पेश कर 'फेक इश्यू' बना रही भाजपा : वी गुरुनाधम

विजयवाड़ा, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। एपीसीसी उपाध्यक्ष वी गुरुनाधम ने बीजेपी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने साफ कहा कि खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी नहीं कहा था बल्कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।

गुरुनाधम ने बताया कि खड़गे और कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के दौरान चेन्नई में प्रेस मीट कर रहे थे। उसी दौरान उनके बयान को लेकर विवाद खड़ा हुआ। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह खबर फैली, खड़गे ने तुरंत स्पष्ट किया कि उन्होंने आतंकवादी शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री विपक्षी नेताओं को टेरराइज कर रहे हैं।

गुरुनाधम ने समझाया कि टेरराइजिंग और टेररिस्ट में बड़ा फर्क होता है। टेरराइजिंग का मतलब है डर या दबाव बनाना, जो केंद्र सरकार एजेंसियों के जरिए विपक्ष के नेताओं के उपर कर रही है जबकि टेररिस्ट का मतलब पूरी तरह अलग और गंभीर होता है। उन्होंने कहा कि यह शब्द राजनीति और संसदीय भाषा में आमतौर पर इस्तेमाल होता है, लेकिन इसे तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। उनके मुताबिक, यह मुद्दा अब खत्म हो चुका है लेकिन भाजपा इसे बेवजह तूल दे रही है ताकि कांग्रेस की छवि खराब की जा सके।

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि यह एक फेक इश्यू बनाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश है। गुरुनाधम ने कहा कि खड़गे जैसे वरिष्ठ नेता, जिनका दशकों का राजनीतिक अनुभव है, इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करेंगे। उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों से भी अपील की कि इस मुद्दे को समझदारी से देखें और गलतफहमी न फैलाएं।

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भी उन्होंने अपनी बात रखी। उन्होंने इसे बेहद दुखद घटना बताया और कहा कि यह देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि इस हमले में युवा लोग, एक कपल समेत कई निर्दोष नागरिक मारे गए थे, जिससे पूरे देश में गहरा दुख और गुस्सा था।

गुरुनाधम ने कहा कि केंद्र सरकार ने कुछ कदम जरूर उठाए, लेकिन एक साल बाद भी पीड़ित परिवारों के लिए क्या ठोस किया गया, यह सवाल बना हुआ है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे हर मुद्दे को अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करते हैं, चाहे वह अच्छा हो या बुरा।

उन्होंने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के चुनावों को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम गठबंधन को भारी बहुमत मिलने की उम्मीद है और कांग्रेस भी इसमें अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में कांग्रेस का आधार आज भी मजबूत है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस भले सरकार में सीधे शामिल न हो, लेकिन डीएमके को समर्थन देती रहेगी और गठबंधन मिलकर सरकार बनाएगा।

वहीं, पश्चिम बंगाल में उन्होंने माना कि तृणमूल कांग्रेस को बढ़त मिल सकती है, लेकिन कांग्रेस भी कुछ सीटें जीत सकती है। उन्होंने इंडिया गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि यह गठबंधन बीजेपी के खिलाफ एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रहा है। उनके मुताबिक, यह गठबंधन देश के हित में काम करेगा और अलग-अलग धर्मों और समुदायों को साथ लेकर चलेगा।

भाजपा की विचारधारा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हिंदुत्व और सनातन जैसे मुद्दों को जिस तरह से पेश किया जा रहा है, वह भारत जैसे विविधता वाले देश के लिए सही नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत में सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान होना चाहिए और यही कांग्रेस की विचारधारा भी है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम