महाराष्ट्र : खड़कवासला बांध का जलस्तर से तेजी से बढ़ रहा, मुथा नदी में छोड़ा जाएगा 27,203 क्यूसेक पानी
पुणे, 8 जुलाई (आईएएनएस)। भारी बारिश होने की वजह से महाराष्ट्र के कई जिलों में स्थिति काफी गंभीर हो गई है। खड़कवासला बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और कैचमेंट क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के चलते प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि बुधवार सुबह 5:30 बजे से बांध के स्पिलवे से मुथा नदी में छोड़े जा रहे 22,880 क्यूसेक पानी को बढ़ाकर 27,203 क्यूसेक किया जा रहा है। इससे नदी का जलस्तर और बहाव दोनों बढ़ने की संभावना है। नदी के किनारे बसे गांवों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है और निवासियों को नदी से दूर रहने की सलाह दी गई है। इस स्थिति को देखते हुए पुणे मनपा कंट्रोल रूम, फायर ब्रिगेड, शहर व ग्रामीण पुलिस कंट्रोल रूम सहित तहसील प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
भारी बारिश के बाद इंदापुर पश्चिमी घाट में पुणे और सोलापुर जिलों के लिए पानी का एक अहम स्रोत उज्जनी बांध 'डेड स्टोरेज लेवल' से ऊपर पहुंच गया है।
बता दें कि वसई-विरार में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जल-जमाव हो गया है और हल्की बारिश का दौर जारी है। नालासोपारा-अचोले लिंक रोड और तुलिंज ब्रिज के नीचे पानी जमा होने से ट्रैफिक में रुकावट आ रही है।
मुंबई में सुबह से हो रही भारी बारिश की वजह से लोकल ट्रेन सेवाएं धीमी हो गई हैं और ट्रेनें अपने तय समय से करीब 30 मिनट देरी से चल रही हैं। इस देरी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें बांद्रा रेलवे स्टेशन के यात्री भी शामिल हैं।
रत्नागिरि के गुहागर के विसापुर पंगारी में भारी बारिश के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे गांव का मुख्य रास्ता बंद हो गया। सड़क के लगभग साढ़े तीन से चार फीट तक धंसने से स्थानीय निवासियों और स्कूली छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
--आईएएनएस
एसडी/एएस
