केतन अग्रवाल हत्याकांड : आरोपी चेतन चौधरी के घर के एक्सक्लूसिव विजुअल्स आए सामने
मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी चेतन बाबूलाल चौधरी के घर के एक्सक्लूसिव विजुअल्स सामने आए हैं। मामले से जुड़ी जानकारी के अनुसार, सोमवार रात पुलिस ने चेतन चौधरी को इसी घर से गिरफ्तार किया था। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, इस घर में चेतन के साथ उसकी चार बहनें और माता-पिता रहते हैं।
वहीं, जब आईएएनएस के रिपोर्टर ने आरोपी के परिजनों से बातचीत करने की कोशिश की, तो परिवार की ओर से किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है।
बता दें कि केतन अग्रवाल की मौत के मामले में गिरफ्तार आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को कोर्ट ने सात दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। वहीं, इस केस को लेकर बचाव पक्ष और पीड़ित परिवार के दावे एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। जहां बचाव पक्ष इसे एक दुर्घटना बता रहा है। दूसरी तरफ, पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह एक सुनियोजित हत्या और पहले से रची गई साजिश थी।
यह पूरा मामला 18 जून का है, जब महाराष्ट्र के पुणे के लोनावला स्थित लोहागढ़ में ट्रेकिंग के दौरान कारोबारी परिवार के 24 वर्षीय युवक केतन अग्रवाल की मौत की सूचना पुलिस को उसकी मंगेतर सिया गोयल ने दी, जिनकी इंगेजमेंट फरवरी में हुई थी और दोनों लोहागढ़ किले में घूमने के लिए आए हुए थे। सिया ने पुलिस को बताया कि केतन अग्रवाल फिसल के गिर गया और उसकी किले से नीचे गिरने से मृत्यु हो गई है।
पहले इस घटना को हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने इस घटना में हत्या का मामला दर्ज किया। जांच, मृतक के रिश्तेदारों और दोस्तों से हुई बातचीत में पुलिस को कुछ ऐसे तथ्य प्राप्त हुए, जिससे हत्या की आशंका बढ़ गई।
पुलिस जांच में आगे पता चला कि सिया गोयल का चेतन चौधरी नाम का एक दोस्त है। इन दोनों के बीच आपस में कुछ एक वर्ष के आसपास से पहचान थी। इन दोनों ने ही केतन अग्रवाल की हत्या को लेकर योजना बनाई थी और उसी के तहत इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि लोहागढ़ किले पर इन्होंने केतन अग्रवाल को धक्का दिया, जिससे वह नीचे गिरा और उसकी मृत्यु हो गई। इसी आधार पर पुलिस ने सिया और चेतन को हिरासत में लिया और दोनों ने कड़ी पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया है। वहीं, पुलिस आगे की जांच कर रही है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
