केरल विधानसभा चुनाव में जीतने वाले उम्मीदवारों को कांग्रेस ने टिकट दिया : राशिद अल्वी
नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। केरल विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। कांग्रेस ने चुनाव को लेकर 92 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। लेकिन, टिकट बंटवारे पर सवाल उठने लगे हैं। इन सवालों पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी ने कहा कि जीतने वाले उम्मीदवारों और महिलाओं को टिकट दिया गया है।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि सवाल यह नहीं है कि पार्टी ने किसे टिकट दिया, सवाल यह है कि पार्टी ने जीतने वाले उम्मीदवारों को टिकट दिया। आज के समय में यह बेहद जरूरी है। कांग्रेस पार्टी जीतने वाले उम्मीदवारों को टिकट देना जरूरी मानती है। केरल में जिन उम्मीदवारों से यह उम्मीद है कि वे भारतीय जनता पार्टी और वामपंथी दलों को हराने में सक्षम होंगे, कांग्रेस पार्टी उन्हें टिकट देना जरूरी मानती है। आज के हालात में यह जरूरी भी है।
उन्होंने कहा कि 2029 के बाद संविधान के अनुसार, महिलाओं को आरक्षण मिलेगा। उस वक्त महिलाओं को टिकट दिया जाएगा। हर राजनीतिक दल की जिम्मेदारी होगी कि वह एक तिहाई महिलाओं को टिकट दे।
केरल विधानसभा चुनाव में सिर्फ 9 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिए जाने पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि लंबे समय से कांग्रेस पार्टी की नेता केवल एक ही महिला रही हैं, सोनिया गांधी। आज भी संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ही हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण नेताओं में से एक हैं। यह कहना कि कांग्रेस महिलाओं की इज्जत नहीं करती है, यह गलत होगा। कांग्रेस जीतने वाली महिलाओं को टिकट देती है।
बताते चलें कि केरल विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को अपने उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की थी। पार्टी इस बार 95 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि जारी सूची में 92 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। सीट बंटवारे में महिलाओं की भूमिका कम दिए जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने कम संख्या पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि 92 टिकटों में से सिर्फ 9 टिकट ही महिलाओं को दिए गए हैं।
शमा मोहम्मद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर नाराजगी जाहिर करते हुए राहुल गांधी से मदद की अपील की। उन्होंने लिखा, "हमें नकारा गया है, लेकिन हम हारे नहीं हैं। मैं अपने नेता राहुल गांधी से आग्रह करती हूं कि केरल की कांग्रेस महिलाओं की मदद करें। 92 टिकटों में से सिर्फ 9 महिलाओं को दिए गए हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी 16 टिकटों में सिर्फ 1 महिला को मौका मिला था। अगर कोई महिला प्रतिभाशाली हो, तब भी हालात बेहद खराब हैं। यह बहुत दुखद है।"
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
