Aapka Rajasthan

केरल: विदेशों में वीजा दिलाने का झूठा वादा करके लाखों की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

तिरुवनंतपुरम, 15 सितंबर (आईएएनएस)। केरल के पथानामथिट्टा की मलयालापुझा पुलिस ने एर्नाकुलम में एक व्यक्ति को विदेशों में वीजा दिलाने का झूठा वादा करके लाखों की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
 

तिरुवनंतपुरम, 15 सितंबर (आईएएनएस)। केरल के पथानामथिट्टा की मलयालापुझा पुलिस ने एर्नाकुलम में एक व्यक्ति को विदेशों में वीजा दिलाने का झूठा वादा करके लाखों की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

व्यक्ति पर कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अन्य यूरोपीय देशों में वीजा और नौकरी दिलाने का वादा करके कई लोगों से लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। आरोपी की पहचान 36 वर्ष के रेमो सावियो कोरिया के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने एर्नाकुलम लॉ कॉलेज के पास मार्केट रोड से गिरफ्तार किया गया।

आरोपी पर इल्जाम है कि उसने नौकरी दिलाने का वादा करके पूरे केरल में कई लोगों से लाखों रुपए ठगे थे। नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के लिए उसके खिलाफ कई पुलिस स्टेशनों में मामले दर्ज हैं, जिनमें केलाकम (कन्नूर), माला (तिरुवनंतपुरम), हरिपाद, एर्नाकुलम साउथ, पुथेनवेलिक्कारा और एर्नाकुलम टाउन नॉर्थ शामिल हैं।

इस मामले में आरोप है कि आरोपी ने मलयालापुझा के एक युवक को कनाडा के लिए वर्क वीजा दिलाने के बहाने 3,25,000 रुपए लिए, लेकिन न तो वीजा दिलाया और न ही नौकरी। यह पैसा दिसंबर 2022 में लिया गया था। पीड़ित ने न तो वीजा मिलने और न ही पैसे वापस मिलने पर आरोपी के खिलाफ मलयालापुझा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

वहीं, जब आरोपी को पता चला कि उसके खिलाफ मामला दर्ज हो गया है और मलयालापुझा पुलिस मामले की जांच कर रही है तो आरोपी अलग-अलग जगहों पर छिपकर रहने लगा। कई जगहों पर तलाश करने के बाद, मलयालापुझा पुलिस ने एर्नाकुलम में उसका पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को मलयालापुझा पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर (एसएचओ) शान एनएस, एससीपीओ डी'क्रूज और सीपीओ श्रीजीत प्रकाश और गोपाकुमार की टीम ने गिरफ्तार किया। उसे अदालत में पेश किया गया और रिमांड पर भेज दिया गया।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी