Aapka Rajasthan

केरल: पथानामथिट्टा जिले में 'युवा आपदा मित्र' प्रोजेक्ट का आगाज

पथानामथिट्टा, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राज्य एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से 'मेरा युवा भारत' के सहयोग से आयोजित 'युवा आपदा मित्र' प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज हो गया है।
 
केरल: पथानामथिट्टा जिले में 'युवा आपदा मित्र' प्रोजेक्ट का आगाज

पथानामथिट्टा, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राज्य एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से 'मेरा युवा भारत' के सहयोग से आयोजित 'युवा आपदा मित्र' प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज हो गया है।

जिला कलेक्टर और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एस. प्रेम कृष्णन की ओर से पथानामथिट्टा टाउन एसएनडीपी हॉल में 'मेरा युवा भारत' के स्वयंसेवकों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए इस आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। आपदा प्रबंधन के उप कलेक्टर सुरेश बाबू ने इस कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

बता दें कि जिले के 'मेरा युवा भारत' स्वयंसेवकों में से चुने गए 150 लोगों को अलग-अलग चरणों में प्रशिक्षित किया जाएगा। सात दिनों के इस शिविर में आपातकालीन प्रतिक्रिया के तरीके, आपदा प्रभावित क्षेत्रों में समन्वय और संचालन, बचाव कार्यों की तैयारी, बुनियादी जीवन रक्षक सहायता और जीवन बचाने के बुनियादी कौशल जैसे विषयों पर वैज्ञानिक जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जो स्वयंसेवक इस प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा कर लेंगे, उन्हें प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, वर्दी और आपातकालीन किट प्रदान की जाएंगी। इसका उद्देश्य एक ऐसा स्वयंसेवक बल तैयार करना है, जो आपदा के समय स्थानीय स्तर पर तुरंत प्रतिक्रिया देने में सक्षम हो।

इस कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन विभाग के जूनियर अधीक्षक अजित श्रीनिवास, जिला जोखिम विश्लेषक चांदनी पीसी सेनन, आपदा प्रबंधन योजना समन्वयक एनी थॉमस इटिकुला, जिला युवा अधिकारी पी. संदीप कृष्णन, और 'युवा आपदा मित्र' के मास्टर ट्रेनर वी. अभिनव ने भाग लिया।

बता दें कि केरल में युवा आपदा मित्र योजना एनडीएमए की ओर से वित्त पोषित और केएसडीएमए (केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) की ओर से कार्यान्वित एक सामुदायिक-आधारित पहल है। इसका उद्देश्य युवाओं को बाढ़, भूस्खलन जैसी आपदाओं से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना है। मई 2025 में शुरू हुई यह योजना एनसीसी, एनएसएस और एनवाईकेएस के साथ मिलकर स्वयंसेवकों को खोज, बचाव और प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण देती है।

--आईएएनएस

एसडी/डीकेपी