केरल में विभागों का बंटवारा पूरा, सीएम वीडी सतीशन ने संभाला वित्त और पोर्ट्स मंत्रालय
तिरुवनंतपुरम, 20 मई (आईएएनएस)। केरल में नई सरकार के गठन के बाद बुधवार को मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने वित्त और पोर्ट्स विभाग अपने पास रखे हैं।
वहीं, वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला को गृह और विजिलेंस विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई कैबिनेट में कई अहम विभागों का वितरण सहयोगी दलों और वरिष्ठ नेताओं के बीच संतुलन बनाकर किया गया है। के. मुरलीधरन को स्वास्थ्य और देवस्वम विभाग दिया गया है, जबकि आईयूएमएल के वरिष्ठ नेता पीके कुन्हालीकुट्टी को उद्योग और आईटी मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है।
केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ को बिजली और संसदीय कार्य विभाग सौंपा गया है। वहीं, एपी अनिल कुमार को राजस्व विभाग की जिम्मेदारी मिली है।
नई सरकार में युवा चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। पीसी विष्णुनाथ को पर्यटन, संस्कृति और सिनेमा विभाग सौंपा गया है। एम. लिजू को आबकारी और सहकारिता विभाग मिला है, जबकि रोजी एम जॉन उच्च शिक्षा मंत्री बनाए गए हैं।
इसके अलावा, टी. सिद्दीकी को कृषि विभाग दिया गया है। बिंदु कृष्ण को श्रम, पशुपालन, और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय सौंपा गया है। वहीं ओजे जनीश खेल और युवा मामलों के मंत्री होंगे।
आईयूएमएल को भी सरकार में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी मिली है। एन. शमसुद्दीन को सामान्य शिक्षा विभाग, केएम शाजी को स्थानीय स्वशासन विभाग, पीके बशीर को लोक निर्माण विभाग और वीई अब्दुल गफूर को मत्स्य विभाग सौंपा गया है।
सहयोगी दलों के नेताओं को भी कैबिनेट में जगह मिली है। मॉन्स जोसेफ को सिंचाई और आवास विभाग मिला है। अनूप जैकब को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग दिया गया है।
शिबू बेबी जॉन को वन, वन्यजीव संरक्षण और कौशल विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है। सीपी जॉन परिवहन मंत्री होंगे, जबकि केए थुलसी अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग विकास विभाग संभालेंगी।
--आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम
