केरल में अवैध विस्फोटक सामग्री जब्ती मामले में एनआईए ने तलाशी अभियान चलाया
नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार को केरल के मलप्पुरम जिले में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त किए जाने के मामले में दक्षिण भारत के तीन राज्यों केरल, तमिलनाडु, और कर्नाटक में तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी अभियान मामले के आरोपियों के 19 परिसरों के साथ-साथ विस्फोटकों के डीलरों और निर्माताओं के घरों पर भी चलाया गया। आज की व्यापक तलाशी के दौरान कई डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और जिलेटिन स्टिक सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। केरल पुलिस ने इस साल फरवरी में भारी मात्रा विस्फोटक सामग्री जब्त की थी, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा के गंभीर खतरे सामने आए हैं।
मलप्पुरम जिले के चेम्माड-थलप्पारा रोड स्थित फरहा हॉलो ब्रिक्स कंपनी के परिसर में खड़ी एक लॉरी को जब्त करने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज किया था। लॉरी में भारी मात्रा में विस्फोटक भरे हुए थे। लॉरी से जब्त किए गए विस्फोटकों में 448 बक्सों में 89,600 जिलेटिन स्टिक और 35 बक्सों में 10,500 गैर-विद्युत विस्फोटक शामिल थे।
पूरी खेप बिना वैध लाइसेंस के प्राप्त की गई थी और इसका उपयोग अवैध गतिविधियों के लिए किया जाना था। अप्रैल 2026 में एनआईए ने इस मामले को अपने हाथ में लिया था।
एनआईए विस्फोटक पदार्थों की अवैध चोरी और उनके इच्छित उपयोग से जुड़ी आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी रखे हुए है।
--आईएएनएस
एमएस/
