Aapka Rajasthan

केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने पुण्यतिथि पर आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती को किया याद

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती की पुण्यतिथि पर याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है।
 

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती की पुण्यतिथि पर याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर कहा, "वह लोग जो दूसरों के लिए अच्छा करते हैं, वे कभी भी आत्मसम्मान और दुरुपयोग के बारे में नहीं सोचते हैं। आधुनिक भारत के पुनर्जागरण के अग्रदूत, सत्य, स्वाधर्म और स्वराज के महान प्रवक्ता परम पूज्य महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन अर्पित करता हूं। स्वामी ने अंधविश्वास, रूढ़िवाद और सामाजिक विषमताओं के विरुद्ध जो संघर्ष किया, उसने भारत को एक नई चेतना प्रदान की। राष्ट्र के उत्थान और समाज के नव निर्माण हेतु आपका समर्पण सदा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।"

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट में कहा, "आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र अभिवादन।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, "सामाजिक चेतना के प्रखर संवाहक, आर्य समाज के संस्थापक, महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनकी शिक्षाएं अज्ञान, आडंबर व सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का मार्ग प्रशस्त करते हुए समाज में जागृति, समरसता एवं सत्यनिष्ठ जीवन मूल्यों को प्रतिष्ठित करती हैं।"

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक्स पर पोस्ट किया, "समाज सुधार और वैदिक मूल्यों की पुनर्स्थापना के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले आर्य समाज के संस्थापक महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और भेदभाव के विरुद्ध उनका संघर्ष तथा शिक्षा, समानता और नारी सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रयास सदैव समाज को नई दिशा देते रहेंगे।"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में कहा, "आर्य समाज के संस्थापक एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण का अलख जगाने वाले महान समाज सुधारक स्वामी दयानंद सरस्वती की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। उनके विचार, आदर्श और समाज-सुधार के लिए किए गए कार्य सदैव समाज को सत्य, समानता एवं जागरूकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे।"

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "महान समाज सुधारक एवं आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानन्द सरस्वती जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। समाज में जागरूकता, शिक्षा और समानता के प्रसार के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, "'वेदों की ओर लौटो' का अमर संदेश देकर भारतीय समाज में नवजागरण की अलख जगाने वाले महान समाज सुधारक, आर्य समाज के संस्थापक, क्रान्तिदर्शी संत पूज्य स्वामी दयानन्द सरस्वती की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि! कुप्रथाओं, रूढ़िवादिता और अंधविश्वास के विरुद्ध उनके द्वारा किए गए युगांतरकारी कार्य और समाज सुधार के प्रयास हम सभी को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।"

--आईएएनएस

ओपी/एएस