केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 24 एवं 48 घंटे की स्पीड पोस्ट सेवाओं का किया शुभारंभ
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। भारत के लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को इंडिया पोस्ट की तीन नई अत्याधुनिक सेवाओं 24 स्पीड पोस्ट, 48 स्पीड पोस्ट और 24 स्पीड पोस्ट पार्सल का शुभारंभ किया।
इस पहल को इंडिया पोस्ट और उसके करोड़ों ग्राहकों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये सेवाएं विश्वसनीयता, जवाबदेही और उत्कृष्ट सेवा के प्रति नई प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।
सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमारे विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में इंडिया पोस्ट देश के हर नागरिक और वैश्विक ग्राहकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रहा है।
उन्होंने पिछले तीन महीनों में सेवाओं के व्यापक परीक्षण और सुधार में लगे डाक कर्मचारियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह इंडिया पोस्ट के पुनरुत्थान और ग्राहकों के प्रति आश्वासन का प्रतीक है।
नई 24 स्पीड पोस्ट एवं 24 स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा के अंतर्गत नई दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच अगले दिन (डी प्लस वन) डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।
इस सेवा में समयबद्ध डिलीवरी, विलंब की स्थिति में क्षतिपूर्ति, रियल-टाइम ट्रैकिंग, ओटीपी आधारित डिलीवरी पुष्टि जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही रविवार और अवकाश के दिनों में भी (राष्ट्रीय अवकाश को छोड़कर) डिलीवरी की जाएगी। तय समय पर डिलीवरी न होने पर ग्राहकों को शुल्क वापस देने की सुविधा भी होगी।
यह सेवा प्रारंभिक रूप से इन छह महानगरों में शुरू की गई है और आगे चलकर टियर-1 एवं टियर-2 शहरों तक चरणबद्ध रूप से विस्तारित की जाएगी। इससे ई-कॉमर्स कंपनियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और व्यापारिक संस्थानों को तेज और प्रभावी पार्सल मूवमेंट में विशेष लाभ मिलेगा।
48 स्पीड पोस्ट सेवा के माध्यम से इन महानगरों के बीच दो दिनों (डी प्लस टू) में दस्तावेजों की समयबद्ध और सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। इसमें एंड-टू-एंड ट्रैकिंग, एसएमएस अलर्ट और सुरक्षित डिलीवरी पुष्टि की सुविधा प्रदान की गई है।
इन प्रीमियम सेवाओं का शुभारंभ डाक विभाग की नवाचार, दक्षता और ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके माध्यम से विभाग एक्सप्रेस डिलीवरी सेगमेंट में अपनी स्थिति को और मजबूत कर रहा है तथा प्रमुख महानगरों में विश्वसनीय, सुरक्षित और समयबद्ध डिलीवरी समाधान उपलब्ध करा रहा है।
यह पहल इंडिया पोस्ट की भूमिका को एक विश्वसनीय राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स भागीदार के रूप में और सुदृढ़ करती है, जो देशभर में व्यवसायों और नागरिकों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्यरत है।
--आईएएनएस
डीकेपी/
