Aapka Rajasthan

पंजाब: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा नेता के आवास पर किया भोजन

जालंधर, 30 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष राकेश राठौर के घर पर बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहुंचे, जहां उन्होंने सभी के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान राकेश राठौर और उनके परिवार की ओर से अमित शाह का स्वागत किया गया।
 

जालंधर, 30 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष राकेश राठौर के घर पर बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहुंचे, जहां उन्होंने सभी के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान राकेश राठौर और उनके परिवार की ओर से अमित शाह का स्वागत किया गया।

भोजन के दौरान की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें अमित शाह, सरदार केवल सिंह ढिल्लों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

अमित शाह बुधवार को जालंधर पहुंचे थे, जहां उन्होंने श्री देवी तालाब मंदिर में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने परागपुर में भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन समारोह में रैली को संबोधित किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नशे के खिलाफ अपने संबोधन में आम आदमी पार्टी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नशे के तस्करों के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस का कानून बनाया, जिसके तहत देशभर में 5000 से अधिक तस्कर जेल पहुंचाए गए। मगर जहां सबसे अधिक नशा बिकता है, उस पंजाब में इस वर्ष भी एक कार्रवाई क्यों नहीं हुई, मुख्यमंत्री भगवंत मान को जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जो दिल्ली में शराब घोटाले में पकड़े गए हों, वे पंजाब को नशा मुक्त नहीं कर सकते। हम पंजाब के युवाओं और माताओं का भविष्य बर्बाद नहीं होने देंगे। पंजाब ने कांग्रेस और 'आप' दोनों को देख लिया, एक बार पांच वर्ष के लिए भाजपा को मौका दीजिए, हम नशा मुक्त पंजाब बनाकर दिखाएंगे। जो पंजाब पूरे देश के लिए धान-गेहूं उगाता है और देश की सुरक्षा करता है, आज वहां माताएं नशे के खिलाफ सड़कों पर उतरकर अपने बच्चों की जिंदगी बचाने की गुहार लगा रही हैं। नशे से अपने बच्चों को खो चुकी माताओं से मिला हूं, वे कहती हैं कि हमारे बच्चे तो नहीं बचे, लेकिन बाकी बच्चों को बचा लीजिए।

अमित शाह ने आगे कहा कि नशे में धुत होकर स्वयं गुरुओं का अपमान करने वाले पंजाब को चिट्टे से मुक्त नहीं कर सकते। यह काम केवल भाजपा ही कर सकती है। भाजपा ने जो कहा, वो करके दिखाया है, चाहे कश्मीर से धारा 370 समाप्त कर आतंकवाद पर प्रहार हो या फिर 50 साल पुरानी नक्सल समस्या को तिथि बताकर समाप्त करना हो या फिर नॉर्थ-ईस्ट के उग्रवाद पर निर्णायक प्रहार हो। अब संकल्प है पंजाब को चिट्टा-मुक्त बनाने का है। 31 दिसंबर 2029 के बाद पंजाब के बच्चों तक चिट्टा पहुंचाने वाला कोई नहीं बचेगा। नशा तस्करों को चुन-चुनकर जेल भेजा जाएगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी