केंद्र सरकार का दावा पूरी तरह खोखला : राकेश सिन्हा
रांची, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें यह कहा जा रहा है कि अमेरिका-ईरान युद्ध से मौजूदा समय में भारत के रिश्ते मध्य एशिया के अन्य देशों से प्रगाढ़ हो गए हैं।
राकेश सिन्हा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अगर यह कहा जा रहा है कि अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान भारत के रिश्ते खाड़ी देशों से प्रगाढ़ हुए हैं, तो फिर भारत में तेल की किल्लत क्यों है?
उन्होंने कहा कि इन दावों का सहारा लेकर केंद्र सरकार अपनी विफलता को छुपाने का प्रयास कर रही है, जिसे मौजूदा समय में किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता है। आज स्थिति ऐसी बन चुकी है कि केंद्र सरकार की विफलता का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन, केंद्र सरकार का इस पर ध्यान नहीं है।
साथ ही, कांग्रेस नेता ने दावा किया कि हम लोग न ही खाड़ी देशों का दिल जीत पाए हैं और न ही भरोसा। ईरान ने अपने बयान में साफ कहा है कि हमने भारत के लोगों के प्यार की वजह से होर्मुज खोलने का फैसला किया है। हमने भारत की विदेश नीति की वजह से यह फैसला नहीं किया है, बल्कि भारत के लोगों के प्यार की वजह से किया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सिर्फ झूठ और भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। मौजूदा समय में जिस तरह की स्थिति बनी हुई है, उससे हमें किसी भी प्रकार का फायदा नहीं मिल पा रहा है। आज की तारीख में गैस की किल्लत अपने चरम पर पहुंच चुकी है, तो इस पर केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि मौजूदा समय में भारत की विदेश नीति पूरी तरह से विफल साबित हुई है। वर्तमान सरकार सत्ता में बने रहने के लायक नहीं है। इस सरकार ने किसी भी क्षेत्र में कोई भी उपलब्धि हासिल नहीं की है।
--आईएएनएस
एबीएम
