केदारनाथ धाम में चाक-चौबंद व्यवस्थाएं, डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
रुद्रप्रयाग/केदारनाथ, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। श्री केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने धाम क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने हेलीपैड का औचक निरीक्षण कर हेली सेवाओं, यात्रियों की आवाजाही और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए बताया कि धाम में पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं। साथ ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस, एटीएस और बीडीएस की टीमें लगातार अलर्ट मोड में रहकर निगरानी और चेकिंग अभियान चला रही हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से संवाद कर फीडबैक लिया, जिस पर यात्रियों ने संतोष जताया।
इस बीच मंदिर परिसर में एक फर्जी दानपात्र मिलने पर उसे बीकेटीसी के माध्यम से तत्काल जब्त कराया गया, जिससे प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि आस्था के साथ किसी भी तरह की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन का अनुभव मिल सके।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि हेलीपैड पर निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था देखी गई। महिला पुलिस बलों को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। वहां मौजूद श्रद्धालुओं से बात की गई। श्रद्धालुओं की ओर से मिले सुझावों को हम लागू कर रहे हैं।
रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक ने कहा कि 22 अप्रैल सुबह 8 बजे श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुले थे। समुचित संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि पहले दिन 38 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। दूसरे दिन भी 25 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। पुलिस-प्रशासन की ओर से लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी
