Aapka Rajasthan

केदार जाधव ने वनडे क्रिकेट में हासिल की थी बड़ी उपलब्धि, पहले भारतीय क्रिकेटर बने थे

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। केदार जाधव एक ऐसे प्रतिभाशाली ऑलराउंडर रहे जिन्हें उनकी क्षमता के मुताबिक मौका नहीं मिला, लेकिन जितने भी मौके उन्हें मिले, उसमें बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर अपनी अलग पहचान उन्होंने स्थापित की।
 
केदार जाधव ने वनडे क्रिकेट में हासिल की थी बड़ी उपलब्धि, पहले भारतीय क्रिकेटर बने थे

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। केदार जाधव एक ऐसे प्रतिभाशाली ऑलराउंडर रहे जिन्हें उनकी क्षमता के मुताबिक मौका नहीं मिला, लेकिन जितने भी मौके उन्हें मिले, उसमें बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर अपनी अलग पहचान उन्होंने स्थापित की।

केदार जाधव का जन्म 26 मार्च 1985 को पुणे, महाराष्ट्र में हुआ था। वह दाएं हाथ के मध्यक्रम के बल्लेबाज और दाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज थे। जाधव अपने गेंदबाजी एक्शन के लिए भी काफी चर्चित रहे।

महाराष्ट्र के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले केदार को लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद 29 साल की उम्र में पहली बार भारतीय टीम में मौका मिला था। नवंबर 2014 में उन्होंने वनडे और जुलाई 2015 में टी20 में डेब्यू किया। टेस्ट में डेब्यू का मौका उन्हें नहीं मिला।

जाधव को टी20 में ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन वनडे फॉर्मेट में उन्हें 73 मैच खेलने को मिला, जिसमें गेंद और बल्ले से उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा। जाधव ने 52 पारियों में 42.09 की औसत और 101.60 की स्ट्राइक रेट से 2 शतक और 6 अर्धशतक लगाते हुए 1,389 रन बनाए। इस दौरान वह 19 बार नाबाद रहे। उनका सर्वाधिक स्कोर 120 है। जाधव ने इंग्लैंड के खिलाफ 351 के लक्ष्य का पीछा करते हुए 76 गेंदों पर 12 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 120 रन की पारी खेल टीम को 11 गेंद पहले 3 विकेट से जीत दिलाई थी। केदार भारतीय टीम के ऐसे पहले खिलाड़ी हैं जिनके छह नंबर या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए वनडे फॉर्मेट में 2 शतक हैं। वनडे में केदार के नाम 27 विकेट भी हैं।

केदार जाधव ने 9 T20 मैच भी खेले हैं, जिनकी 6 पारियों में 1 अर्धशतक की बदौलत 122 रन बनाए हैं। जाधव ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में 8 फरवरी 2020 को खेला था। इसके बाद उन्हें कभी मौका नहीं मिला।

जाधव आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेले। आखिरी बार आईपीएल में वह 2023 में खेले थे। आईपीएल करियर के 95 मैचों की 81 पारियों में 4 अर्धशतक लगाते हुए, उन्होंने 1208 रन बनाए।

3 जून 2024 को उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कह दिया। संन्यास के बाद वह कमेंट्री के क्षेत्र में करियर बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

--आईएएनएस

पीएके