काजी तौकीर के सपोर्ट में उतरीं सारा आफरीन खान, कहा- शो में चल रहा है उनके खिलाफ गेम
मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के हालिया एपिसोड में तीखी बहस और विवाद देखने को मिला। शो के दौरान आसिफ खान ने काजी तौकीर पर हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया और इस मुद्दे पर वह काफी नाराज नजर आए। आसिफ की तीखी प्रतिक्रिया पर टीवी होस्ट और अभिनेत्री सारा आफरीन खान ने भी आपत्ति जताई।
दरअसल, यह विवाद हालिया एपिसोड के प्रसारण के बाद चर्चा में आया। एपिसोड में एक बातचीत या टास्क के दौरान काजी तौकीर ने मजाकिया अंदाज में कहा था, "मुझे दिल का दौरा पड़ रहा है।"
बताया जाता है कि आसिफ खान पहले हृदय संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर चुके हैं। ऐसे में उन्होंने काजी की टिप्पणी को व्यक्तिगत रूप से लिया और इसे अपनी बीमारी का मजाक समझा। हालांकि, काजी ने बार-बार स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य आसिफ या उनकी स्वास्थ्य स्थिति का उपहास करना नहीं था। उन्होंने अपनी बात के लिए कई बार माफी भी मांगी। इसके बावजूद दोनों के बीच तनाव बना रहा और आसिफ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बहस के दौरान उन्होंने काजी के प्रति कड़ी टिप्पणियां भी कीं।
अब इस मामले पर सारा आफरीन खान का कहना है कि काजी तौकीर को शो में बहुत ज्यादा टारगेट और अटैक किया जा रहा है। सारा ने यह भी कहा कि अच्छे और सीधे लोगों पर हमेशा ऐसे हमले होते रहते हैं और यह जिंदगी का एक हिस्सा है।
सारा आफरीन खान ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि 'बिग बॉस 20' के अंदर काजी के खिलाफ गेम चल रहा है और घर के सदस्य आसानी से उन्हें निशाना बना रहे हैं।
वीडियो में वह कहती हैं, "शो में दिखाया गया है कि काजी किसी बात पर मस्ती-मजाक में कह रहे हैं, कि उन्हें दिल का दौरा पड़ जाएगा। उन्हें आसिफ की स्वास्थ्य समस्या के बारे में पता भी नहीं था। मैं मानती हूं कि यह किसी भी व्यक्ति की हेल्थ कंडीशन के लिए बहुत सीरियस बात है, लेकिन कभी-कभी हम मस्ती मजाक में ऐसी बातें बोल देते हैं। काजी की बात सुनकर आसिफ उन पर चिल्लाने लगे।"
अभिनेत्री ने काजी का समर्थन करते हुए कहा, "जैसे ही काजी को आसिफ की हेल्थ कंडीशन के बारे में पता चला उन्होंने माफी भी मांगी, लेकिन आसिफ रुके नहीं। वह काजी को और ज्यादा उकसाने लगे। मुझे लगता है कि काजी के साथ इस तरह का बर्ताव सहनीय नहीं है, क्योंकि उन्हें दिन-ब-दिन शो में बस टारगेट किया जा रहा है।"
अभिनेत्री ने आखिरी में कहा कि वह काजी का समर्थन करती हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि शो में सबसे समझदार, एंटरटेनिंग और सहनशील कंटेस्टेंट काजी ही हैं।
--आईएएनएस
एनएस/एएस
