Aapka Rajasthan

'स्टेज पर ही आखिरी सांस लेना चाहता हूं', 'आवारापन 2' के संगीतकार अखिल सचदेवा

मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता इमरान हाशमी की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'आवारापन 2' के गाने 'पिया घर आया-होमकमिंग' को कंपोज करने वाले संगीतकार अखिल सचदेवा ने अपने अब तक के सफर और आगे की योजनाओं को लेकर आईएएनएस से बात की। उन्होंने बताया कि उनका सफर बाकी गायकों से काफी अलग रहा है। उन्होंने अपने जीवन का एक सपना भी बताया।
 

मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता इमरान हाशमी की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'आवारापन 2' के गाने 'पिया घर आया-होमकमिंग' को कंपोज करने वाले संगीतकार अखिल सचदेवा ने अपने अब तक के सफर और आगे की योजनाओं को लेकर आईएएनएस से बात की। उन्होंने बताया कि उनका सफर बाकी गायकों से काफी अलग रहा है। उन्होंने अपने जीवन का एक सपना भी बताया।

आईएएनएस से बातचीत में अखिल सचदेवा ने कहा, ''ज्यादातर गायक पहले फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग से शुरुआत करते हैं। इसके बाद उन्हें पहचान मिलती है और फिर वे लाइव शो करने लगते हैं। लेकिन मैंने इसका बिल्कुल उल्टा रास्ता चुना। मैंने अपने संगीत सफर की शुरुआत स्टेज शो से की और मुझे जल्द ही एहसास हो गया कि मैं स्टेज के लिए ही बना हूं।''

उन्होंने इस जुड़ाव को बेहद खास अंदाज में बताते हुए कहा, ''मेरा सपना है कि मेरी आखिरी सांस भी स्टेज पर ही निकले। मेरे लिए मंच केवल गाने और परफॉर्म करने की जगह नहीं है, बल्कि यह वह जगह है, जहां मुझे अपने दर्शकों से सीधे जुड़ने का मौका मिलता है।''

अखिल ने कहा, ''मैंने भारत के अलावा दुनिया के कई हिस्सों में जाकर परफॉर्म किया है। इन लाइव शो के दौरान मुझे अलग-अलग तरह के लोगों से मिलने और उनके सामने अपना संगीत पेश करने का मौका मिला। इन्हीं स्टेज परफॉर्मेंस की वजह से मैं लोगों के दिलों तक पहुंच पाया हूं। मेरे लिए दर्शकों का प्यार किसी भी पहचान से ज्यादा मायने रखता है।''

उन्होंने आगे कहा, ''समय के साथ मुझे यह भी एहसास हुआ कि मेरे अंदर सिर्फ गाने की कला नहीं है। मैं गाने लिख और कंपोज भी कर सकता हूं। मेरे अंदर बहुत सारा संगीत अब भी मौजूद है, जिसे मैं लोगों तक नहीं पहुंचा पाया हूं। लोगों ने अब तक मेरे व्यक्तित्व का सिर्फ एक हिस्सा देखा है और आने वाले समय में वे मेरा एक बिल्कुल अलग रूप देखेंगे।''

इसी सोच के साथ अखिल अब अपनी स्वतंत्र संगीत यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ''इसी महीने से मैं यूट्यूब पर अपना खुद का संगीत पेश करना शुरू करूंगा। इस बार मैं किसी फिल्म की कहानी या किसी दूसरे व्यक्ति की पसंद के हिसाब से गाने नहीं बनाना चाहता। मैं अपने मन की बात और अपनी भावनाओं को संगीत के जरिए लोगों तक पहुंचाना चाहता हूं।''

अखिल ने कहा, ''मेरे अंदर का कलाकार अब खुद को पूरी तरह सामने लाना चाहता है। मेरे पास कई गाने हैं और मैं उन्हें अपने तक सीमित नहीं रखना चाहता। अगर मैं अपने गानों को लोगों तक नहीं पहुंचा पाया, तो यह मेरे लिए अधूरापन होगा। इसलिए अब मैं अपनी आवाज और अपने संगीत को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना चाहता हूं।''

अपनी इस नई शुरुआत के लिए अखिल ने फिलहाल लाइव शो से दूरी बनाने का फैसला भी किया है। उन्होंने बताया कि लगातार शो करने के दौरान कलाकार एक अलग ही दुनिया में रहता है। अब मैं अपने नए संगीत पर ध्यान देना चाहता हूं और इस काम को एक तय दिशा में आगे बढ़ाना चाहता हूं।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम