अनंत सिंह के जनसुराज उम्मीदवार को समर्थन देने पर जदयू बोला-'कौन क्या कहता है यह हमारे लिए महत्वपूर्ण नहीं'
पटना, 29 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में होने वाले विधान परिषद चुनावों से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। जेडीयू विधायक अनंत सिंह द्वारा पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने की खबर के बाद एनडीए खेमे में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस बीच जेडीयू नेतृत्व ने कहा कि गठबंधन की प्राथमिकता सभी आठ सीटों पर जीत हासिल करना है। कौन क्या बोल रहा है, शीर्ष नेतृत्व देख रहा है और हम लोग भी देख रहे हैं।
बिहार जेडीयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने आईएएनएस से कहा, "एनडीए के सभी घटक दल का एक ही लक्ष्य है, विधान परिषद की आठों सीटें एनडीए की झोली में जाए, यही हमारी प्रथम प्राथमिकता है और हम लोग इसी प्राथमिकता पर काम कर रहे हैं। कौन क्या बोल रहा है, शीर्ष नेतृत्व देख रहा है। हमारा लक्ष्य एक ही है, आठों सीट को जीतना और आज से नामांकन शुरू है, जो फीडबैक मिल रही है, उसके हिसाब से आठों प्रत्याशी जीत रहे हैं।"
जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा, "पार्टी पहले ही अपना फैसला ले चुकी है। हमारी पार्टी में एक मजबूत गठबंधन और मजबूत संगठन है। हमारे लोग अनुशासन के साथ नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हैं। विधान परिषद चुनावों के बारे में भी फैसला लिया जाएगा और चुनाव लड़ा जाएगा। कौन क्या कहता है, यह हमारे लिए महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि हमारा लक्ष्य और कर्तव्य जेडीयू और एनडीए द्वारा उतारे गए सभी आठ उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करना है।"
जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने दावा किया, "नीरज कुमार भारी अंतर से चुनाव जीतने जा रहे हैं। वे तीन बार जीत चुके हैं और चौथी बार भी जीत का सिलसिला जारी रहेगा। पूरी पार्टी और पूरा गठबंधन न केवल पटना सीट जीतेगा बल्कि बिहार की उन सभी आठ विधान परिषद सीटों पर भी जीत हासिल करेगा जहां स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा।"
वहीं, बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, "चाहे वे जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार हों या भारतीय जनता पार्टी के, सभी एकजुट हैं। हम चट्टान की तरह एकजुट हैं। मेरा मानना है कि अनंत बाबू बहुत काबिल नेता हैं और नीरज बाबू भी काबिल नेता हैं। दोनों मिलकर काम करेंगे और सभी का समर्थन हासिल करेंगे।"
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
