कौन हैं दानिश मालेवार, जिन्होंने मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल डेब्यू किया?
अहमदाबाद, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। 21 वर्षीय दानिश मालेवार ने सोमवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ मुंबई इंडियंस (एमआई) की तरफ से आईपीएल डेब्यू किया। भले ही अपने डेब्यू मैच में मालेवार महज 2 ही रन बना सके, लेकिन निश्चित रूप से वह अगले मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करना चाहेंगे।
8 अक्टूबर 2023 को नागपुर में जन्मे दानिश दाएं हाथ के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज और दाएं हाथ के लेग-ब्रेक गेंदबाज हैं। रेड बॉल क्रिकेट में अपनी निरंतरता और छोटे फॉर्मेट में आक्रामक इरादों के लिए पहचाने जाने वाले मालेवार को मुंबई इंडियंस ने 30 लाख रुपए के बेस प्राइज पर अपने साथ जोड़ा था।
दानिश मालेवार की यात्रा सिटी जिमखाना एकेडमी में कोच स्वरूपराज श्रीवास्तव और नितिन गावंडे की देखरेख में शुरू हुई। सिर्फ 7 साल की उम्र में एकेडमी से जुड़ने वाले मालेवार अपने अनुशासन और दृढ़ संकल्प के कारण जल्द ही सभी की नजरों में आने लगे। 12 साल की उम्र तक, वह विदर्भ की अंडर-14 टीम का प्रतिनिधित्व करने लगे थे।
एक टूर से रात 2 बजे लौटने के बाद भी, मालेवार ने अगली ही सुबह अंडर-14 का फाइनल मैच खेलने का फैसला किया और बहुत कम आराम मिलने के बावजूद उस मैच में शतक जड़ दिया। धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए विदर्भ के लिए एक अहम खिलाड़ी के तौर पर अपनी जगह बनाई।
2024–25 के रणजी ट्रॉफी सीजन में, दानिश ने टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 9 मुकाबलों में 52 की औसत से 783 रन बनाए, जिसमें दो शतक और छह अर्धशतक शामिल थे। वह टीम की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी थे।
मालेवार अपनी शांत बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह नई गेंद को संभालने और लंबी पारी खेलने पर ध्यान देते हैं। उनके धैर्य का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब तक खेली गई अपनी आधी पारियों में उन्होंने 100 या उससे ज्यादा गेंदों का सामना किया है।
दानिश मालेवार अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों से सीखकर बल्लेबाजी को लगातार निखार रहे हैं, जो हर तरह के शॉट में महारत हासिल करते हुए अपनी एक अलग पहचान बनाने का लक्ष्य रखते हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी
