कौन हैं चंद्रकांत हंडोरे? मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर अभद्र टिप्पणी की
मुंबई, 26 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र कांग्रेस के राज्यसभा सांसद चंद्रकांत हंडोरे अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर चल रहे विवादों पर बोलते हुए उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग भी की। आइए जानते हैं कि कौन हैं चंद्रकांत हंडोरे?
चंद्रकांत हंडोरे ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे 'वोट चोरी' के मुद्दे का भी जिक्र किया और दावा किया कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की ओर से लंबे समय से सवाल उठाए जा रहे हैं।
हालांकि, हम बात कर रहे हैं कांग्रेस राजयसभा सांसद चंद्रकांत हंडोरे की, जिन्होंने एक मुद्दे पर बोलते हुए अपना आप खो बैठे और मुख्य चुनाव आयुक्त पर अभद्र टिप्पणी कर दी।
चंद्रकांत दामोदर हंडोरे महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं, वह एक अनुभवी नेता हैं और मेयर से लेकर मंत्री तक रह चुके हैं।
हंडोरे ने 12वीं महाराष्ट्र विधानसभा में चेंबूर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह महाराष्ट्र सरकार में सामाजिक न्याय विभाग के कैबिनेट मंत्री भी रहे। विलासराव देशमुख के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
हंडोरे के राजनीतिक सफर का एक चर्चित 2004 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव रहा। इस चुनाव में उन्होंने चेंबूर सीट से आरपीआई उम्मीदवार और गैंगस्टर छोटा राजन के भाई दीपक निखलजे को हराया था। इसके बाद राज्य की राजनीति में हंडोरे की स्थिति और मजबूत हुई और वह महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री भी बने।
चंद्रकांत हंडोरे का सफर केवल राजनीति तक सीमित नहीं रहा। राजनीति में सक्रिय होने से पहले वह इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में केरोसिन एजेंट के तौर पर काम करते थे।
हंडोरे महाराष्ट्र कांग्रेस संगठन में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। वह 2014 से 2021 तक महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रहे। 5 फरवरी 2021 को उन्हें महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इसके अलावा वह मुंबई प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। हंडोरे अंबेडकरवादी सामाजिक-राजनीतिक संगठन 'भीम शक्ति' के संस्थापक और अध्यक्ष भी हैं।
साल 2022 में चंद्रकांत हंडोरे को कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार बनाए जाने के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उनकी हार के पीछे क्रॉस वोटिंग को कारण बताया गया। 2024 में उन्हें राज्यसभा चुनाव में उतारा और वह राज्यसभा पहुंचने में सफल रहे।
एक समय पूर्वी मुंबई की राजनीति में हंडोरे की मजबूत पकड़ मानी जाती थी। चेंबूर के साथ गोवंडी, मानखुर्द, घाटकोपर और आरसीएफ जैसे इलाकों में उनका प्रभाव रहा, लेकिन महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार जाने के साथ ही पकड़ भी कमजोर होती चली गई।
हालांकि, अब चंद्रकांत हंडोरे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर दिए गए बयान के कारण चर्चा में हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
