कठुआ को जल्द मिलेगी एक्सप्रेस कॉरिडोर और गैस पाइपलाइन की सौगात: डॉ. जितेंद्र सिंह
जम्मू, 18 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले को जल्द ही बेहतर सड़क और ऊर्जा सुविधाओं का लाभ मिलने वाला है। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने घोषणा की है कि कठुआ को जल्द ही दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही जिले के लिए प्रस्तावित गैस पाइपलाइन परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और उद्योगों को स्वच्छ तथा अधिक प्रभावी ऊर्जा उपलब्ध हो सकेगी।
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को कठुआ जिले के जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में खिलौचक तालाब के निकट आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि आने वाले समय में कठुआ जम्मू-कश्मीर के प्रमुख विकास केंद्रों में और अधिक मजबूत स्थिति हासिल करेगा।
उन्होंने ने बताया कि जिले में प्रस्तावित होम्योपैथी कॉलेज के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है और जल्द ही इसकी आधारशिला रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा करेगा और छात्रों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
खेल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तावित अरुण जेटली स्टेडियम का भी उन्होंने विशेष उल्लेख किया। जितेंद्र सिंह ने कहा कि हीरानगर में बनने वाले इस स्टेडियम के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है। स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही का दौर बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनसे महिलाओं, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और छोटे उद्यमियों को व्यापक लाभ मिला है।
कठुआ में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय उपेक्षित सीमावर्ती क्षेत्र माना जाने वाला यह जिला आज औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, पासपोर्ट कार्यालय का उद्घाटन, महाराजा गुलाब सिंह की प्रतिमा की स्थापना और उत्तर भारत के पहले सीड प्रोसेसिंग प्लांट और बायोटेक्नोलॉजी इंडस्ट्रियल पार्क जैसे प्रोजेक्ट्स ने जिले की पहचान को नई दिशा दी है।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर बात करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से लोगों को बेहतर इलाज स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रहा है और उन्हें उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख कम करना पड़ रहा है। उन्होंने शाहपुरकंडी परियोजना, उझ बहुउद्देश्यीय परियोजना और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनसे क्षेत्र में सिंचाई, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर में शुरू हुई दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे केंद्र शासित प्रदेश की आधुनिक परिवहन व्यवस्था और देश के अन्य हिस्सों से संपर्क को नई मजबूती मिली है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
