कटक अस्पताल अग्निकांड: मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने जताया शोक, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना
नई दिल्ली/कटक, 16 मार्च (आईएएनएस)। ओडिशा के कटक स्थित एक अस्पताल में आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। इस घटना पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी शोक व्यक्त किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में लगी भीषण आग की दुखद घटना से आहत हूं। इस घटना में कम से कम 10 मरीजों की जान चली गई है और कई अन्य घायल हुए हैं।
उन्होंने आगे लिखा, "दुख की इस घड़ी में मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैं कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करें।"
राहुल गांधी ने भी कटक की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा, "ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में आग लगने की दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकसंतप्त परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।"
कटक में स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर आईसीयू में रात करीब 2:30 बजे आग लगी थी। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी के अनुसार, शुरुआत में एससीबी मेडिकल के ट्रॉमा केयर सेंटर में आग लगी थी, जिससे ट्रॉमा आईसीयू, उससे सटे आईसीयू और पहली मंजिल पर स्थित वार्ड प्रभावित हुए। यहां 23 मरीजों का इलाज चल रहा था। आग लगने से 7 मरीजों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल में शिफ्ट करने के बाद 3 और मरीजों की मृत्यु हो गई।
इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए सहायता राशि की घोषणा की। पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएमएनआरएफ (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
--आईएएनएस
डीसीएच/
