Aapka Rajasthan

'कार्तिक शर्मा मध्यक्रम के एक बेहतरीन बल्लेबाज बन रहे हैं': अंबाती रायुडू

नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ 71 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के युवा बल्लेबाज की तारीफ करते हुए कहा है कि वह एक बेहतरीन मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में उभर रहे हैं।
 
ईएसपीएनक्रिकइंफो के 'टाइमआउट' शो पर रायुडू ने कहा कि एलएसजी के खिलाफ कार्तिक शर्मा बेहद तैयार नजर आए।

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उनकी तैयारी जबरदस्त रही है। वह एक ऐसी टीम के खिलाफ खेलने के लिए तैयार थे जिसमें अच्छे तेज गेंदबाज हैं। इससे पता चलता है कि उनकी तैयारी एकदम सटीक थी। उनकी स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ बल्लेबाजी और गेंद की लेंथ को जल्दी भांपने की काबिलियत की शानदार थी।"

रायुडू ने कहा, "मुझे लगता है कि वह एक बेहतरीन मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में उभर रहे हैं। खासकर भारत की घरेलू परिस्थितियों के हिसाब से, वह बहुत ही शानदार नजर आ रहे हैं।"

पूर्व क्रिकेटर ने कहा, "वह तेज गेंदबाजों और स्पिनरों, दोनों के खिलाफ छक्के लगा सकते हैं। समय के साथ, आत्मविश्वास और अनुभव बढ़ने पर उनकी बल्लेबाजी और भी बेहतर होगी। वह बेहतर ढंग से समझ पाएंगे कि किस पिच पर कब सिंगल और डबल रन लेने हैं। मुझे लगता है कि जब वह इन बारीकियों को समझ जाएंगे, तो उनका स्ट्राइक रेट और भी बेहतर हो जाएगा।"

रायडू ने कहा, "मुझे लगता है कि उनकी प्रगति काफी तेज रही है। वह बहुत जल्दी सीखते हैं। उन्होंने खेलते-खेलते ही सीखा, क्योंकि आईपीएल के पहले हाफ में वह नंबर 6 और नंबर 7 पर बैटिंग कर रहे थे - जो कि कोई आसान भूमिका नहीं है। जब से उन्होंने नंबर 4 और नंबर 5 पर बल्लेबाजी करना शुरू किया है, तब से वह जोरदार बल्लेबाजी कर रहे हैं।"

एलएसजी के खिलाफ शुक्रवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में खेले गए मुकाबले में कार्तिक शर्मा ने सीएसके के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 71 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 6 चौके शामिल थे।

--आईएएनएस

पीएके