कर्नाटक सड़क दुर्घटना: प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
नई दिल्ली, 9 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर शोक जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपने संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में हुआ हादसा बेहद दुखद है। उन्होंने कहा, "दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
बता दें कि उत्तर कन्नड़ जिले में क्रूजर गाड़ी और ट्रक आपस में टकरा गए। यह दुर्घटना येल्लापुर तालुक के आरतीबैल स्थित बालागारा क्रॉस के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर हुई।
पुलिस के अनुसार, धारवाड़ से नौ लोग एक क्रूजर गाड़ी में सवार होकर धर्मस्थल और चिकमगलूर की यात्रा पर निकले थे। येल्लापुर पुलिस थाना क्षेत्र के बालागारा क्रॉस के पास गाड़ी और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। बताया गया कि क्रूजर गाड़ी चालक कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई।
इस घटना में क्रूजर गाड़ी के चालक समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान संजीव बापा मैलारा अंगड़ी (33), अक्षय तेजप्पा मुरलावर (26), अभिषेक ईश्वर (28), अभिषेक मल्लेश मदबावी (27), बसप्पा देवप्पा कनक (38) और मंजूनाथ अशोक चुलकी (33) के रूप में हुई है। सभी मृतक धारवाड़ जिले के रहने वाले थे। वहीं, हादसे में घायल लोगों की पहचान शिवराज गुरप्पा माडीवाला (22), सचिन (26) और चन्नबसु बसलिंगैया संपागांववी मठ (28) के रूप में हुई है। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर येल्लापुर पुलिस थाने में कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल, हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
