कर्नाटक के आईएएस अधिकारी के लापता होने की खबर, खड़गे ने दी जानकारी
नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक के आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के कथित तौर पर लापता होने की खबर सामने आई है। राज्य के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने खबर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कर्नाटक में एक आईएएस अधिकारी के लापता होने की खबरें आई हैं। अधिकारी ने सरकार से संपर्क कर स्पष्ट किया है कि पारिवारिक आपात स्थिति के कारण उन्हें छुट्टी लेनी पड़ी और अपने गृह नगर जाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि इस दौरान उनका आधिकारिक फोन संपर्क में नहीं आ पाया, जिससे उनके ठिकाने को लेकर कुछ भ्रम और अटकलें पैदा हुईं। उन्होंने सरकार से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त से ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार परिवार और अन्य लोग उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। प्रियांक खरगे ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सरकार को इसकी जानकारी मिली है, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक परिवार या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
सूत्रों के अनुसार, आईएएनएस ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार 20 अगस्त से ही संपर्क से बाहर हैं। खबर मिली है कि उन्होंने दिल्ली जाने के लिए फ्लाइट का टिकट भी बुक कराया था। फिलहाल उनकी लोकेशन की कोई जानकारी नहीं मिल रही है हालांकि, उनके लापता होने की वजह को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। गंगवार की तैनाती फिलहाल उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में एसएसएमआई के निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। वह 2016 बैच के आईएएनएस अधिकारी हैं।
ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार इससे पहले कर्नाटक कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ज्ञानेंद्र लोक सेवा आयोग (केपीएससी) में परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। ज्ञानेंद्र के ऐसे अचानक के लापता होने को केपीएससी में उनके कार्यकाल के दौरान हुए कुछ घटनाक्रमों से जोड़कर भी रिपोर्ट सामने आ रही हैं। हालांकि, आधिकारिक सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि इस स्तर पर इन दावों की पुष्टि नहीं की जा सकती है।
--आईएएनएस
एमएस/
