कर्नाटकः जंगल में ले जाकर पति ने पत्नी की बेरहमी से की हत्या
बीदर, 30 जून (आईएएनएस)। कर्नाटक के बीदर जिले में रिश्तों के कत्ल का मामला सामने आया है। जिले के भालकी तालुका में एक 26 साल की महिला की कथित तौर पर उसके पति ने हत्या कर दी। आरोप है कि पति के संबंध उसके घर के सामने रहने वाली एक लड़की से हो गए थे, इसलिए पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी कथित तौर पर अपनी पत्नी को भालकी तालुक के गैमुख मंदिर के पास एक जंगल वाले इलाके में ले गया और बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। हमले के बाद, उसने कथित तौर पर जांच करने वालों को गुमराह करने के लिए घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
मृतक महिला की पहचान बीदर तालुक के होन्नीकेरी गांव की रहने वाली संजना (26) के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने संजना को उसके मायके ले जाने के बहाने जंगल वाले इलाके में चलने के लिए राजी किया। इसके बाद जंगल में उसने लोहे की रॉड से पत्नी संजना पर हमला किया और उसके सिर व गर्दन पर गंभीर चोटें पहुंचाईं।
इलाज के बावजूद मंगलवार को संजना की चोटों के कारण मौत हो गई। मोर्चरी के बाहर दिल दहला देने वाले दृश्य देखने को मिले, जहां परिवार के सदस्य उसकी मौत पर शोक मना रहे थे। आरोपी की पहचान भालकी तालुक के बोलेगाओ गांव के रहने वाले भागवत ज्ञानेश्वर के तौर पर हुई है। दोनों की शादी दो साल पहले हुई थी। धनूर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच चल रही है।
इसके पहले 9 जून को कर्नाटक के मांड्या जिले में कपड़ा व्यापारी ने अपनी पत्नी और बेटे की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड नोट में राज्य सरकार की महिलाओं के लिए 'शक्ति' फ्री ट्रैवल स्कीम, बढ़ते कर्ज और व्यापार में नुकसान को इसकी वजह बताया गया है। मरने वालों की पहचान 65 वर्षीय प्रभाकर, उनकी पत्नी 55 वर्षीय ज्योति और उनके बेटे 30 वर्षीय संतोष के तौर पर हुई थी।
--आईएएनएस
ओपी/एएस
