Aapka Rajasthan

कर्नाटक: दशहरा पर्व पर भाजपा कार्यालय में की गई आयुध पूजा, बी.वाई. विजयेंद्र ने मां चामुंडेश्वरी से की प्रार्थना

बेंगलुरु, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार को बेंगलुरु में भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयुध पूजा की गई। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र, विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलावादी नारायणस्वामी और पार्टी के अन्य नेता मौजूद थे।
 

बेंगलुरु, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार को बेंगलुरु में भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयुध पूजा की गई। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र, विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलावादी नारायणस्वामी और पार्टी के अन्य नेता मौजूद थे।

बी.वाई. विजयेंद्र ने कहा, "विजयादशमी और आयुध पूजा के पावन अवसर पर, मैं मां चामुंडेश्वरी से कर्नाटक और पूरे देश के किसानों के सुखद जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं। किसान सूखे के कारण भारी संकट का सामना कर रहे हैं, और मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी मदद करें।"

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री के हस्तक्षेप और उनकी नीतियों की बदौलत, आज गन्ना किसान और चीनी उद्योग दोनों ही अच्छी स्थिति में हैं। नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों से गन्ना किसान खुश हैं। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए 'वैल्यू एडिशन' (मूल्य संवर्धन) और चीनी मिल मालिकों को दी गई आर्थिक मदद से गन्ना किसानों को भी फायदा हुआ है। इथेनॉल उत्पादन और केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी ने भी इसमें योगदान दिया है।"

बी.वाई. विजयेंद्र ने कहा, "कर्नाटक में देखा जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आने के बाद से विकास का काम बिल्कुल भी नहीं हुआ है। किसान भारी संकट में हैं, लेकिन मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार को इन समस्याओं की कोई परवाह नहीं है। कर्नाटक की आर्थिक स्थिति लगातार और खराब होती जा रही है। यह एक कड़वी सच्चाई है। मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार सूखे की समस्या से निपटने में पूरी तरह विफल रहे हैं... लोग इस भ्रष्ट कांग्रेस सरकार से बुरी तरह तंग आ चुके हैं।"

वहीं, विजयादशमी के अवसर पर मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मैसूर दशहरा को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, "मैसूर दशहरा कर्नाटक की शान, कन्नड़ लोगों का उत्सव, मैसूर दशहरा, जो हमारी मिट्टी की कला, संस्कृति, परंपराओं और भव्यता का संगम है, इस राज्य-स्तरीय उत्सव में हम पूरे राज्य के कन्नड़ लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले सभी पर्यटकों को सादर आमंत्रित करते हैं।"

मुख्यमंत्री शिवकुमार की ओर से सोशल मीडिया पर आगे लिखा गया, "ऐतिहासिक 'जंबू सवारी' की भव्यता से लेकर लोक कलाओं की जीवंतता तक, संगीत की मधुर धुन से लेकर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक मैसूर के हर कदम पर उत्सव का माहौल छाया हुआ है। आइए, हमारी समृद्ध विरासत के इस आनंद में शामिल हों और इस राज्य-स्तरीय उत्सव की भव्यता को अपनी आंखों में बसा लें।"

--आईएएनएस

एसडी/एएस