कर्नाटक : रामनगर में अनियंत्रित कार कार पेड़ से टकराई, 2 छात्राओं की मौत
रामनगर, 17 नवंबर (आईएएनएस)। रामनगर के मगदी तालुक में गुडेमरनहल्ली हैंडपोस्ट के पास मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कार में बेंगलुरु के सप्तगिरि कॉलेज की 4 छात्राएं और दो युवक सवार थे। यह वाहन हासन से बेंगलुरु की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को शायद नींद आ गई थी, जिस वजह से उसका कार से नियंत्रण हट गया। कार सड़क से उतरकर एक पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान गनवी (20) और वैष्णवी (20) के रूप में हुई है।
घायलों को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए नेलमंगला सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। कुदुर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और मामला दर्ज कर हादसे के बारे में और जानकारी जुटा रही है।
इससे पहले बेंगलुरु के देवनहल्ली के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मिथुन और कनक के रूप में हुई थी, जो बेंगलुरु ग्रामीण जिले के देवनहल्ली के रहने वाले थे। दोनों युवक नेशनल हाईवे के किनारे ढाबों पर अंडे और चिकन सप्लाई करते थे।
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे। पीछे से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने बाद में कार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया था।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम
