Aapka Rajasthan

हरियाणा : करनाल में मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

करनाल, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा के करनाल में सीआईए-2 पुलिस टीम और बदमाश अनिल कुमार के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ तरावड़ी थाना क्षेत्र के भैणी खुर्द गांव के पास हुई, जहां पुलिस ने नाकाबंदी की हुई थी। पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
 

करनाल, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा के करनाल में सीआईए-2 पुलिस टीम और बदमाश अनिल कुमार के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ तरावड़ी थाना क्षेत्र के भैणी खुर्द गांव के पास हुई, जहां पुलिस ने नाकाबंदी की हुई थी। पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार अनिल किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था और उसके पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने जब बाइक सवार अनिल को रोकने का प्रयास किया, तो उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान अनिल के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए करनाल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

करनाल सीआईए-2 के जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस को देर शाम सूचना मिली थी कि अनिल कुमार नाम का बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। उसके पास अवैध हथियार होने की भी जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भैणी खुर्द गांव के पास नाकाबंदी की। जब पुलिस ने बाइक सवार अनिल को रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस और बदमाश के बीच कुल सात राउंड फायरिंग हुई। पुलिस के अनुसार, बदमाश की ओर से तीन राउंड फायर किए गए, जबकि पुलिस टीम ने जवाब में चार राउंड फायरिंग की। इसी दौरान अनिल के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अनिल के कब्जे से अवैध हथियार और एक पल्सर बाइक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले भी चार मामले दर्ज हैं। हालांकि, वह किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, इसकी जांच की जा रही है। करनाल में किसी बड़ी वारदाम की अंजाम देने की फिराक में आया था। पुलिस फायरिंग से जुड़े तथ्यों, बरामद हथियार और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

ताराओरी थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि सीआईए-2 पुलिस टीम ने एक चेकपॉइंट लगाया हुआ था, तभी वहां एक व्यक्ति आया। पुलिसकर्मियों को देखते ही संदिग्ध ने उन पर फायरिंग कर दी। बदमाश बाइक पर था, उसके पास से एक हथियार बरामद हुआ है। जवाब में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए चार राउंड गोलियां चलाईं। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही मुठभेड़ से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपी की कथित योजना के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम