करिश्मा कपूर ने बताया 'महबूब मेरे' का मजेदार किस्सा, कहा- गाने में मैं ऋतिक रोशन को ढूंढ रही थीं
मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने 90 के दशक से हिंदी सिनेमा में राज किया है और अभी भी उनके प्रति दीवानगी लोगों के दिलों में कायम हैं। अभिनेत्री ने हाल ही में फिल्म 'फिजा' के मशहूर गाने 'महबूब मेरे' की अनकही कहानी बताई।
अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म में उन्हें गाने की सिचुएशन काफी अजीब लगी थी, जब सुष्मिता सेन गाने पर डांस कर रही थीं, जबकि वह खुद फिल्म में ऋतिक रोशन को ढूंढ रही थीं।
अभिनेत्री ने इस बात का खुलासा डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में किया था। शो के स्पेशल एपिसोड में कंटेस्टेंट वैदेही और रोमशा ने ‘महबूब मेरे’ समेत कुछ टाइमलेस बॉलीवुड गानों पर दमदार परफॉर्मेंस दी थी। परफॉर्मेंस के बाद करिश्मा ने इस गाने से जुड़ा अपना अनुभव शेयर किया और फिल्म ‘फिज़ा’ से जुड़ा एक कम जाना-पहचाना किस्सा भी बताया।
करिश्मा ने कहा, "आप लोगों को शायद ये पता नहीं होगा, लेकिन इस गाने में भी हूं। ये सिचुएशन बहुत अलग थी और मुझे भी बहुत अजीब लग रहा था कि सुष्मिता डांस कर रही थीं और मैं गाने के बीच में ऋतिक को ढूंढ रही थी। ये फिल्म 'फिजा' का गाना है। तो हां, मेरे लिए ये एक बहुत ही अनोखी सिचुएशन थी।"
सॉन्ग 'महबूब मेरे' वर्ष 2000 में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म 'फिजा' का एक बेहद लोकप्रिय और सदाबहार गाना है। इस गाने में अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने एक स्पेशल अपीयरेंस (कैमियो) में शानदार डांस किया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
सुष्मिता सेन वाला यह गाना उस समय के यादगार डांस नंबर्स में से एक बन गया, जबकि 'फिजा' में ऋतिक रोशन, करिश्मा कपूर और डिंपल कपाड़िया ने अहम रोल निभाए थे।
'फिजा' एक बेहतरीन हिंदी ड्रामा और क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसे खालिद मोहम्मद ने लिखा और निर्देशित किया है। इस फिल्म में करिश्मा कपूर, ऋतिक रोशन और जया बच्चन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।
--आईएएनएस
एनएस/एएस
