Aapka Rajasthan

कारगिल विजय दिवस: बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर वीर जवानों को श्रद्धांजलि, छात्रों ने चित्रों में उकेरी शौर्य गाथा

मेरठ, 25 जुलाई (आईएएनएस)। 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीआरटीसी के अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
 

मेरठ, 25 जुलाई (आईएएनएस)। 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीआरटीसी के अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कारगिल युद्ध के योद्धा और 4 जाट रेजिमेंट के पूर्व अधिकारी कर्नल राजेश त्यागी (सेवानिवृत्त) रहे। सेना मेडल सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित कर्नल त्यागी ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों, दुर्गम पहाड़ियों और कठिन मौसम के बीच अद्भुत साहस का परिचय देकर देश की सीमाओं की रक्षा की। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया।

साथ ही उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनकर ही युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों के लिए 'गार्डिंग द बॉर्डर्स' विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता के माध्यम से देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के साहस, समर्पण और बलिदान को चित्रों में उकेरा। बच्चों द्वारा बनाई गई इन चित्रकलाओं को बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर यात्रियों और आम नागरिकों के अवलोकन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग कारगिल के वीरों के प्रति सम्मान व्यक्त कर सकें।

कार्यक्रम में युवा बैंड 'अभिगर्व' की देशभक्ति से ओत-प्रोत संगीतमय प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति गीतों की गूंज से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया और उपस्थित लोगों ने वीर जवानों के सम्मान में तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

बता दें कि हर वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1999 में हुए कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना ने ऑपरेशन विजय के तहत पाकिस्तान-समर्थित घुसपैठियों से टाइगर हिल सहित कई महत्वपूर्ण चोटियों को पुनः अपने नियंत्रण में लेकर ऐतिहासिक विजय हासिल की थी। मई से जुलाई 1999 तक चले इस संघर्ष में भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। वर्ष 2026 इस ऐतिहासिक विजय का 27वां वर्ष है, जो देशवासियों को उन अमर बलिदानों की याद दिलाता है।

एनसीआरटीसी का कहना है कि उसका उद्देश्य नमो भारत स्टेशनों को केवल यातायात का केंद्र बनाना नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय गतिविधियों का भी प्रमुख मंच बनाना है। कारगिल विजय दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम इसी सोच का हिस्सा है, जिसके माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा से जोड़ने का प्रयास किया गया।

यह आयोजन न केवल कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने का अवसर बना, बल्कि समाज में राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना को भी और अधिक मजबूत करने का माध्यम साबित हुआ।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी