Aapka Rajasthan

करीना कपूर के समर्थन में उतरे नसीम सिद्दीकी, लीगल नोटिस को बताया पब्लिसिटी स्टंट

मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। एनसीपी (एसपी) के प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने पेंडेंट विवाद में अभिनेत्री करीना कपूर का समर्थन करते हुए उन्हें भेजे गए कानूनी नोटिस पर सवाल उठाए। उन्होंने नोटिस को अनुचित बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की और आशंका जताई कि यह पूरा मामला पब्लिसिटी स्टंट हो सकता है। इसके साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सैम पित्रोदा की टिप्पणी, सीआरपीएफ पर हमला, उत्तर प्रदेश में ओवैसी और चंद्रशेखर के संभावित गठबंधन, एनसीपी के प्रस्तावित विलय और सोनिया गांधी की किताब को लेकर भी प्रतिक्रिया दी।
 

मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। एनसीपी (एसपी) के प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने पेंडेंट विवाद में अभिनेत्री करीना कपूर का समर्थन करते हुए उन्हें भेजे गए कानूनी नोटिस पर सवाल उठाए। उन्होंने नोटिस को अनुचित बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की और आशंका जताई कि यह पूरा मामला पब्लिसिटी स्टंट हो सकता है। इसके साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सैम पित्रोदा की टिप्पणी, सीआरपीएफ पर हमला, उत्तर प्रदेश में ओवैसी और चंद्रशेखर के संभावित गठबंधन, एनसीपी के प्रस्तावित विलय और सोनिया गांधी की किताब को लेकर भी प्रतिक्रिया दी।

प्रधानमंत्री मोदी पर सैम पित्रोदा की टिप्पणी को लेकर नसीम सिद्दीकी ने कहा कि पित्रोदा गांधी परिवार के करीबी रहे हैं और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं, हालांकि समय के साथ पित्रोदा की सोच में बदलाव दिखाई दे रहा है। ऐसा लगता है कि पित्रोदा भी प्रधानमंत्री मोदी के साथ जाने की योजना बना रहे हैं और उनके मन में भी सत्ता का आकर्षण पैदा हो रहा है। संभव है कि पित्रोदा राहुल गांधी से नाराज हों या उन्हें कांग्रेस में पहले जैसी अहमियत नहीं मिल रही हो। इसी वजह से वह सत्ता पक्ष के करीब जाना चाहते हों। पित्रोदा को हरदीप पुरी की तरह मंत्रिमंडल में जगह मिलने की उम्मीद भी हो सकती है।

सिद्दीकी ने कहा कि पित्रोदा भारतीय कांग्रेस के नहीं, बल्कि इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। विदेशों में रहने वाले भारतीयों की सोच और देश में रहने वाले लोगों की सोच में अंतर हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस में भाजपा और आरएसएस की विचारधारा से प्रभावित लोग मौजूद हैं। पित्रोदा की तारीफ, कांग्रेस से दूरी और फिर भाजपा में जाने की संभावित स्थिति किसी योजना का हिस्सा हो सकती है।

पेंडेंट विवाद पर सिद्दीकी ने कहा कि करीना कपूर को कानूनी नोटिस नहीं भेजा जाना चाहिए था। गले में माला या किसी पुरानी आयत को पहनने से इस्लाम अथवा धर्म का अपमान नहीं होता। देश में लोग गले में ताबीज पहनते हैं और हाथों में भी बांधते हैं। कुरान और उसकी आयतें लोगों के दिलों में होती हैं। हाफिज-ए-कुरान उन्हें याद करके पढ़ते हैं, इसलिए किसी आयत को सम्मानपूर्वक गले में पहनना उन्हें आपत्तिजनक नहीं लगता। शरीर के निचले हिस्से में नाभि के नीचे किसी धार्मिक आयत को पहनने का मामला अलग हो सकता है और उसे अपमान की श्रेणी में माना जा सकता है। सिद्दीकी ने कहा कि उनकी नजर में करीना के मामले में ऐसा कोई अपमान नहीं हुआ है। उन्होंने अब्बास साहब की ओर से भेजे गए नोटिस को गलत बताते हुए उसे वापस लेने की मांग की।

उन्होंने इस पूरे विवाद को पब्लिसिटी स्टंट बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों से धर्म बदनाम होता है। सिद्दीकी ने सवाल किया कि बाबरी मस्जिद के मामले में ये लोग कहां थे? उन्होंने कहा कि धार्मिक मामलों पर राजनीतिक लोगों के बजाय धर्मगुरुओं से सलाह लेनी चाहिए। राजनीति करने वालों को धार्मिक मामलों में और धार्मिक लोगों को राजनीतिक मामलों में दखल देने से बचना चाहिए। उन्होंने अपने मुस्लिम होने और कुरान पढ़ने का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में धर्म का अपमान या मजाक नजर नहीं आता।

सीआरपीएफ पर हुए हमले के संबंध में सिद्दीकी ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगने की बात कही। उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार नक्सलवाद और आतंकवाद खत्म होने की बात करती है तो सीआरपीएफ और अर्धसैनिक बलों पर हमले कैसे हो रहे हैं? उन्होंने कहा कि सरकार के अलग-अलग नेता अलग-अलग बातें करते हैं। देश में आतंकवाद और दहशतवाद अब भी मौजूद है और उससे प्रभावी ढंग से निपटने की जरूरत है। इन मुद्दों पर पूरा विपक्ष सरकार के साथ खड़ा है, लेकिन सरकार को राजनीति करने के बजाय आतंकवाद और नक्सलवाद खत्म करने की ठोस योजना पर काम करना चाहिए। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम राजनीति बंद करने की भी मांग की।

उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर सिद्दीकी ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाले गठबंधन के अलावा भाजपा-एनडीए को छोड़कर बनने वाला कोई भी गठबंधन विपक्षी वोटों को बांट सकता है। उन्होंने चंद्रशेखर को अच्छा दलित नेता बताते हुए उनसे अखिलेश यादव के साथ रहने की उम्मीद जताई। वहीं, ओवैसी पर उन्होंने तीखे आरोप लगाए। सिद्दीकी ने उन्हें भाजपा की अघोषित बी-टीम बताते हुए आरोप लगाया कि उनकी राजनीति से भाजपा को फायदा मिलता है। उन्होंने कहा कि ओवैसी मुसलमानों को गोलबंद करते हैं, जिससे हिंदू मतदाताओं के एकजुट होने का अवसर बनता है। उन्होंने चंद्रशेखर को राजनीतिक बहकावे में बताया, लेकिन उनके बारे में जल्दबाजी में कोई अंतिम टिप्पणी करने से परहेज किया। सिद्दीकी ने कहा कि ओवैसी उत्तर प्रदेश में भी महाराष्ट्र जैसा प्रयोग दोहराना चाहते हैं। प्रदेश में मुख्य मुकाबला भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन और अखिलेश यादव के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच ही होगा।

एनसीपी के प्रस्तावित विलय पर सिद्दीकी ने कहा कि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है, लेकिन हर बात का एक सही समय होता है। उन्होंने सुप्रिया सुले के बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने तत्काल गठबंधन या विलय की घोषणा नहीं की है, बल्कि समय आने पर जानकारी देने की बात कही है। इसलिए अभी इस विषय पर अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।

सोनिया गांधी की किताब पर सवाल के जवाब में सिद्दीकी ने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी के राम मंदिर उद्घाटन और सैनिकों के साथ दिवाली मनाने जैसे कार्यक्रमों पर सवाल नहीं उठाए जाते। इसी तरह योगी आदित्यनाथ के भाषणों में श्मशान और कब्रिस्तान का जिक्र होने पर भी सवाल नहीं किए जाते, लेकिन सोनिया गांधी की किताब को चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

सिद्दीकी ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने विचार किताब के माध्यम से सार्वजनिक किए हैं और इसमें कोई गुनाह नहीं है। किताब की मांग काफी बढ़ी है और प्रतियां कम पड़ गई हैं। पाठकों की इस रुचि से भाजपा को परेशानी हो सकती है।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी